फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: व्यापारियों ने आधा दिन बंद रखा बाजार

Sat, 14 Jun 2025 01:34 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
कासगंज में व्यापारी के साथ मारपीट के बाद बंद सोरों गेट बाजार ।
विज्ञापन
कासगंज। नदरई गेट बाजार में बृहस्पतिवार को बिजली के सामान के विक्रेता दुकानदार अभिषेक माहेश्वरी पर हुए हमले के विरोध में शुक्रवार को दोपहर तक बाजार बंद रहा। घटना से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने धरने देने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाकर ऐसा करने से रोक दिया। बाद में संयुक्त उद्योग एवं व्यापार मंडल ने सीओ आंचल चौहान को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। सीओ के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद रखने का अपना फैसला वापस ले लिया जिसके बाद बाजार पूर्ववक सुचारु हो गया और दुकानें खुल गईं। नदरई गेट बाजार में अभिषेक माहेश्वरी की रोशनलाल बिजली वाले के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार को एक पंखे को बदलने के विवाद में रायपुर निवासी रुपेंद्र ने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक की दुकान पर हमला बोल दिया था। बाजार में सरेराह उन्हें लाठी-डंडों से जमकर पीटा था। इससे अभिषेक और उनकी दुकान में काम करने वाले नीरज और आसिफ घायल हो गए थे। आसपास के दुकानदारों ने अभिषेक को बचाने का प्रयास किया तो हमलावर उनसे भी भिड़ गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों अन्नु निवासी पचौरा जंगल, बादल निवासी नमैनी, योगेंद्र, रूपेंद्र एवं बसंत निवासी रायपुर को हिरासत में लिया था। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया था। हंगामा होने पर सीओ ने भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। दुकानदार अभिषेक ने मामले में पांच नामजदों व 15 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर रुपेंद्र पक्ष के लोग गांधी मूर्ति के पास धरना देकर बैठ गए थे। रोड जाम करके उनकी तरफ से भी मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की थी। उनका आरोप था कि पंखे की पंखुड़ी बदलने को लेकर पहले उनके पक्ष के लोगों की पिटाई की गई थी। सीओ ने रात में उन्हें आश्वासन देकर धरना खत्म कराया था। उधर, संयुक्त उद्योग एवं व्यापार मंडल ने बैठक के बाद शुक्रवार को दोपहर तक बाजार बंदी का एलान किया था। शुक्रवार को सुबह से ही संयुक्त उद्योग एवं व्यापार मंडल के एलान का असर दिखाई दिया। घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार में दुकानें बंद रखीं। व्यापारी बाहरद्वारी चौराहे पास एकत्रित होने लगे। लाउडस्पीकर के माध्यम से बाजार बंद रखने का आवाहन किया जाने लगा। व्यापारी धरने पर बैठने लगे तो कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया। दोपहर में व्यापारी सीओ से मिलने पहुंचे। उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि जिस तरह सरे बाजार वारदात को अंजाम दिया गया है। उससे व्यापारियों में दहशत है। व्यापारियों ने फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई। कहा कि आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। सीओ आंचल चौहान के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने बाजार बंदी का अपना निर्णय वापस ले लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें