आगरा के ब्लॉक अकोला के गांव कराहरा में 7 साल पहले करीब 11 लाख रुपये से बने पशु सेवा केंद्र का लाभ न तो जनता को मिला सका है और न ही विभाग को। अखबार में समाचार प्रकाशित होने और सामाजिक संगठनों की शिकायत के बाद विभाग और कार्यदाई संस्था ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
इस केंद्र का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीसीएलडीएफ) ने वर्ष 2017-18 में कराया था। विभाग के मुताबिक हैंडओवर लेने से पहले इसकी जांच कराई गई तो इसमें घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग करने की बात सामने आई थी। इसलिए विभाग ने इसे हैंडओवर लेने से मना कर दिया था। 28 जून के अंक में अमर उजाला ने 11 लाख रुपये से बनाया गया पशु सेवा केंद्र से जनता को नहीं मिला लाभ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था।
उसके बाद से सीएलडीएफ के कर्मचारी सिर्फ मौका मुआयना करने में ही लगे हैं। भारतीय किसान मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र चौधरी केंद्र के न खुलने पर मंगलवार से संगठन के सदस्यों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। सोमवार को भी सीएलडीफ के एई और जेई ने मौके पर जाकर जांच की और जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।