10वीं की छात्रा ने घर के कमरे में फंदा लगाकर दी जान
-परिजन नहीं बता पा रहे खुदकुशी वजह, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर निवासी एक 10वीं कक्षा की छात्रा ने शुक्रवार की शाम घर के कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन के खेत से घर आने के बाद जानकारी हो सकी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छात्रा ने खुदकुशी क्यों कि इसको लेकर परिजन कोई वजह नहीं बता सके।
बरनाहल क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर निवासी विपिन कुमार शुक्रवार की दोपहर खेत पर काम करने के लिए गए थे। पत्नी भी किसी पड़ोसी के यहां गई थीं। देर शाम परिजन की गैर मौजूदगी के बीच पुत्री नेहा (15) ने घर के एक कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। कुछ देर बाद जब परिजन घर आए और कमरे में जाकर देखा तो छात्रा का शव फंदे पर लटका देख चीख निकल गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नेहा कस्बा स्थित एक इंटर कॉलेज में 10वीं की छात्रा थी। उसने खुदकुशी क्यों कि इसके पीछे की वजह परिजन नहीं बता पा रहे हैं। मौत का कारण जानने के लिए बरनाहल पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।