कासगंज। मक्का की सरकारी खरीद शुरू हो गई है। आठ में से 5 केंद्रों पर किसान फसल बिक्री के लिए पहुंचने लगे हैं। सरकार ने 2225 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य निर्धारित किया है। 2800 मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष पहले दिन 102.200 मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है।
जिले में जायद के सीजन में 32810 हेक्टेयर में मक्का की खेती की गई है। सरकार ने गत वर्ष से समर्थन मूल्य में 135 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की है। फसल की खरीद के लिए खाद्य विभाग ने कासगंज गल्ला मंडी में चार केंद्र खोले हैं। इनमें से एक केंद्र पर तीन किसानों ने 25 मीट्रिक टन मक्का की बिक्री की। पटियाली में तीन किसानों ने 24.50 मीट्रिक टन, अमांपुर में एक किसान ने 5.10 मीट्रिक टन, गंजडुंडवारा में एक केंद्र पर 4 किसानों ने 25 मीट्रिक टन, सिढ़पुरा में एक केंद्र पर 4 किसानों ने 22.60 मीट्रिक टन मक्का की बिक्री की।
मक्का की खरीद के लिए आठ केंद्र बनाए गए हैं। 31 जुलाई तक खरीद की जाएगी। खरीद शुरू हो गई है। - अरुण कुमार त्रिपाठी, जिला खाद्य एवं वितरण अधिकारी