मथुरा। राजस्थान में गुर्जर आंदोलन खत्म होने के बाद रेल संचालन पटरी पर नहीं आ सका है। रविवार को राजस्थान होकर मुंबई जाने वाली पांच ट्रेनें रद्द रहीं। 10 दिन पूर्व से राजस्थान के गुर्जरों द्वारा सवाई माधोपुर में किया जा रहा आंदोलन शनिवार को खत्म हो गया था।
इसके बाद भी मथुरा होकर गुजरने वाली पटना कोटा एक्सप्रेस, मुंबई-अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस, मुंबई-दिल्ली गरीब रथ, मुंबई-अमृतसर जनता एक्सप्रेस, बांद्रा-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहीं। इसके चलते यात्री परेशान रहे।
112 ने कराए रिजर्व टिकट रद्द, 80 हजार लौटाए
मथुरा। रविवार को पांच ट्रेन रद्द होने के चलते 112 यात्रियों ने रिजर्वेशन टिकट रद्द करा दिए। इसके चलते रेलवे को 80 हजार रुपये लौटाने पड़े।
टिकट के लिए लगी रही कतार
मथुरा। राजस्थान होकर मुंबई, अलवर तथा रेवाड़ी आदि स्थानों पर जाने वाला रास्ता खुल जाने से यात्रियों की रेलवे जंक्शन पर भीड़ बढ़ गई। रविवार दोपहर को रेलवे जंक्शन पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी लाइन लगी रही।