मैनपुरी-बेवर। खेलों से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। शतरंज बौद्धिक विकास में सहायक होता है। युवाओं की रुचि के अनुसार ही अभिभावकों को युवाओं को खेलों में बढ़ावा देना चाहिए। यह बातें नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि सरितकांत भाटिया ने कहीं।
शहीद मेले में स्वर्गीय संतोष कुमारी मिश्रा स्मृति शतरंज प्रतियोगिता का फीता काटकर का उद्घाटन नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि सरितकांत भाटिया ने किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर चेयरमैन प्रतिनिधि ने घिरोर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी नारायण चौहान को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में नारायण ने अपने जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। नारायण की उपलब्धि जिले के लिए गर्व की बात है। इससे साबित होता है ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी ऊंचे मंचों पर शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में खेलते हुए नारायण ने अपने पांचों गेम जीतकर बढ़त बनाई। सीनियर वर्ग में दीपांशु शाक्य, सुमित गुप्ता, रोहित दीक्षित, अंशु दुबे, राजेश पेंटर, संजय गुप्ता, पवन गुप्ता ने प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग में राहुल शाक्य ने सभी गेम जीतकर बढ़त बनाई। जूनियर वर्ग में हिमांशु शाक्य, अंकित मिश्रा, शशांक दीक्षित, ओम दीक्षित, कृष्णा त्रिपाठी, वंदना कश्यप, कार्तिक, श्याम कश्यप, सबसे कम उम्र केश्लोक त्रिपाठी ने प्रतिभाग किया। इस मौकेपर मेला प्रबंधक राज त्रिपाठी, प्रतियोगिता संयोजक प्रशांत मिश्रा, अनूप पांडेय, श्याम त्रिपाठी, छोटे सिंह वैस, मनमोहन शाक्य मौजूद रहे।