कासगंज। सोरों पुलिस ने ग्राम पटना में प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ कटवा रहे ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 100 क्विंटल लकड़ी भी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।
ग्राम पटना में प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ काटने की सूचना पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। छापे के दौरान ठेकेदार असलम बाग में आम, शीशम, नीम आदि प्रजातियों के पेड़ों को कटवा रहा था। पुलिस ने ठेकेदार असलम को गिरफ्तार कर लिया। ठेकेदार असलम से बाग मालिक के बारे में पूछताछ की गई। पुलिस ने प्रतिबंधित प्रजाति के हरे पेड़ काटने पर असलम एवं बाग मलिक संतोष के खिलाफ मामला दर्ज कर लकड़ी को जब्त कर लिया।
वन विभाग की मिली भगत से चल रहा खेल
कासगंज। जनपद में पेड़ कटान के मामले में वन विभाग की मिलीभगत से खेल चल रहा है। पेड़ों को सूखा बताकर अनुमति ले ली जाती है। हालांकि वन विभाग मौके पर जाकर सत्यता की जांच नहीं करता। ऐसे में सूखे के स्थान पर हरे पेड़ काट दिए जाते हैं। कोतवाली प्रभारी रिपुदमन सिंह ने बताया कि पुलिस बाग मालिक को भी हिरासत में लिया जाएगा। वन विभाग के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।