कासगंज। सर्द मौसम ने ठिठुररन बढ़ा दी है। कोहरे से यातायात प्रभावित हो रहा है। डीएम ने रविवार रात रैन बसेरों का निरीक्षण किया। तहसील परिसर में सदर विधायक ने गरीबों को कंबल बांटे।
मौसम में हर रोज ठंड बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सर्दी बढ़ने से डीएम आरपी सिंह ने रविवार रात रैन बसेरों का निरीक्षण किया। रोडवेज बस स्टैंड के सामने स्थित निराश्रित महिलाओं के लिये नवस्थापित वन स्टॉप सेंटर तथा इस भवन के ग्राउंड फ्लोर पर बने रैन बसेरे की व्यवस्था परखी । यहां कर्मचारी नदारद मिले। जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये तैनात कर्मियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शीघ्र ही व्यापारियों की सहमति से नावल्टी रोड पर सोमवार बाजार लगवाने की व्यवस्था करा दी जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने सहावर गेट का स्थलीय निरीक्षण किया। जहां नाले की जेसीबी से सिल्ट सफाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को ठंड से निजात दिलाने के लिए कंबल वितरित किए जाएं औरर चिह्नित स्थानों पर अलाव जलवाएं। डीएम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगेंद्र कुमार, एसडीएम सुनील कुमार, तहसीलदार ब्रह्मानंद कठेरिया ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया और गरीबों को कंबल बांटे।
विधायक ने बांटे कंबल
कासगंज। सोमवार को तहसील परिसर में देवेंद्र राजपूत ने गरीबों को कंबल बांटे और समाज सेवा को सबसे बढ़ा परोपकार बताया। इस दौरान एसडीएम सुनील कुमार, राजवीर सिंह भल्ला, विनोद गुप्ता, केपी सिंह, अनीस अहमद, अशोक वर्मा, प्रदीप सक्सेना, दीपक भारद्वाज, विनोद बघेल, रामपाल यादव, जसवीर सिंह आदि मौजूद रहे।