फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत फर्जी शिक्षकों पर जल्द ही गाज गिरने वाली है। जिले में 25 शिक्षकों के नाम चयनित कर लिए हैं। उन शिक्षकों को संदिग्ध मानते हुए उनके प्रमाण पत्र बोर्ड या यूनिवर्सिटी सत्यापन के लिए भेजे जा रहे हैं।
इसकी सूचना फर्जी शिक्षकों को लगी है तो पूरे बेसिक शिक्षा विभाग में खलबली मची है। क्योंकि चार शिक्षकों पर एफआईआर सहित रिकवरी के आदेश जारी हो चुके हैं।
जिला स्तरीय कमेटी शासन के आदेश पर फर्जी शिक्षकों की जांच कर रही है। कई फर्जी शिक्षकों की सूचना बेसिक शिक्षा विभाग तक पहुंची है तो कई कमेटी के पास। विभाग ने चार शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर करा चुका है। 25 शिक्षक और चयनित कर लिए हैं।
सत्यापन में फर्जी पाए जाने पर शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी जाएगी। बीएसए अरविंद पाठक का कहना है कि 25 संदिग्ध शिक्षकों की अंकतालिका एवं प्रमाण पत्रों पर संदेह है। सत्यापन के लिए उनके प्रमाण पत्र यूनिवर्सिटी को भेजे जा रहे हैं।
एसआईटी द्वारा 151 शिक्षकों की सूची जिले को भेजी थी। इसमें बीएड फर्जी तरीके से करने वाले शिक्षक शामिल थे। बीएसए अरविंद पाठक ने बताया कि जिला कमेटी 151 शिक्षकों के सत्यापन के लिए रिमांडर भेज रही है। प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने पर उन्हें भी निकाला जाएगा।
फर्जी तरीके से परिषदीय स्कूलों में शिक्षक पद हासिल करने वाले चार शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। बीएसए ने वित्त लेखाधिकारी को पत्र लिखा है कि उन चारों शिक्षकों को अब तक दिए वेतन का ब्योरा एकत्रित कर रिकवरी निकालने के आदेश दें।