मैनपुरी। यदि किसी भूमि पर किसी भी कोर्ट में वाद संचालित हो तो कोर्ट के आदेशों के तहत कार्यवाही की जानी चाहिए। लेखपाल बिना आदेशों के निजी भूमि की पैमाइश न करें। यह निर्देश डीएम प्रदीप कुमार ने दिए। संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम ने तहसील करहल में शिकायतें सुनीं। कनकपुर निवासी उर्मिला देवी द्वारा चकबंदी के दौरान पुराने नंबरों की फर्जी प्रविष्टि करके ग्राम सभा की भूमि को अवैध रूप से पट्टा आवंटन करने की शिकायत पर एसडीएम करहल को जांच करके कार्रवाई करने को कहा। लाखनमऊ निवासी संजय कुमार ने पैमाइश कराने, बनिगवां निवासी सुभाष चंद्र ने अवैध कब्जे को हटवाने, खजुरिया निवासिनी श्रीदेवी ने दखल नामा न दिए जाने, रम्पुरा निवासी उदयभान सिंह ने ग्रामसभा की जमीन पर कब्जा हटवाने की मांग की।
संपूर्ण समाधान दिवस में आई 65 शिकायतों में से 12 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पुलिस अधीक्षक अजय शंकर राय ने पुलिस, मुख्य विकास अधिकारी कपिल सिंह ने विकास विभाग से संबंधित शिकायतें सुनीं। उप जिला अधिकारी करहल रामसकल मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एके पांडेय, परियोजना अधिकारी एससी मिश्र, जिला विकास अधिकारी जेएन कुरील, जिला कृषि अधिकारी गगनदीप, जिला पंचायत राज अधिकारी यतेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम आदि मौजूद रहे।