एटा। प्लाट दिलाने के बहाने पूर्व ब्लॉक प्रमुख निधौलीकलां और उनके बेटे ने राजस्व कर्मी की पत्नी से 25 लाख रुपये ठग लिए। रुपये मांगने पर महिला को आरोपियों ने धमकी दी। इसकी रिपोर्ट पीड़िता ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के पुरानी डाक बगलिया निवासी महिला सुनीता देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि उसका पति वीर नरायन राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त हुए है। महिला ने बताया कि पति के सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व ब्लाक प्रमुख रामपाल यादव और उनके बेटे रविकांत ने उससे एक प्लाट दिलाने की बात कही थी जिस पर उसने विश्वास करते हुए उन्हें प्लाट लेने के लिए 25 लाख रुपये दे दिए। महिला ने बताया काफी दिन बीत जाने के बाद भी जब उसे प्लाट नहीं तो पूर्व ब्लाक प्रमुख से उसने प्लाट का बैनामा कराने के लिए कहा। आरोप है इस पर महिला को वे आज कल की कह टालते रहे। बाद में उसने तहसील जाकर देखा तो उसे पता चला कि जिस प्लाट का उसके नाम इकरार नामा किया गया है। उसी को दूसरे को भी इकरारनामा कराया गया है। इसे लेकर जब महिला के रुपये वापस नहीं हुए तो उसने परेशान होकर मामले की रिपोर्ट कोतवाली नगर में दर्ज कराई है।