अपराधियों पर गुंडा एक्ट एवं गैंगेस्टर की कार्रवाई सुनिश्चित करें: एसपी
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। एसपी शिवहरि मीणा ने अपराध समीक्षा बैठक में थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट एवं गैंगेस्टर की कार्रवाई करें। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर थाना प्रभारियों को लापरवाही के लिए दोषी माना जाएगा।
एसपी अपराध समीक्षा बैठक में सख्त नजर आए। उन्होंने कहा कि सभी आपराधिक वारदातों को गंभीरता से लिया जाए। घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावी कार्रवाई करें। घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी टीम बनाकर की जाएं। गिरफ्तारी न होने की दिशा में कुर्की की कार्रवाई करें। कानून व्यवस्था संबंधी छोटी-छोटी समस्याओं को भी गंभीरता से लें। लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई शिकायतों को संज्ञान में लेकर सीओ और थाना प्रभारी स्वयं देखें। किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। आईजीआरएस के माध्यम से आने वाली शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाले पीड़ितों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए। हेल्प डेस्क पर नियुक्त महिला आरक्षी उनकी समस्याओं का निराकरण कराएं। उन्होंने थाना प्रभारियों को हिदायत दी यदि किसी थाना क्षेत्र में ये सब होता है तो थाना प्रभारी को जिम्मेदार माना जाएगा। पुरस्कार घोषित अपराधियों की समीक्षा करके उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। अपराध समीक्षा बैठक के दौरान एएसपी डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सभी सीओ एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।