जिलाधिकारी आरपी सिंह ने कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित ई-आफिस कार्यशाला में कहा कि जनपद के सभी जिला स्तरीय शासकीय कार्यालयों में जल्द ही ई-आफिस व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि अब तक जिले में 69 विभागों के 431 अधिकारियों, कर्मचारियों के डिजिटल सिग्नेचर बन गए हैं। जिले में ई-ऑफिस की व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए 3 चरणों में प्रशिक्षण प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसमें प्रथम चरण में समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को और अलग में 12 मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन मास्टर ट्रेनरों द्वारा 6 से 11 जुलाई के बीच सैलई स्थित एसएस इंजीनियरिंग कालेज में 40-40 के बैच में अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में स्थानांतरित होकर आए अधिकारी, कर्मचारी जिनके डिजीटल सिग्नेचर उपलब्ध नहीं हैं, कार्यालयाध्यक्ष उनके आवेदन पूर्ण कराकर आवश्यक संलग्नकों सहित तत्काल जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करा दें। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी समीर राजन ने बताया कि उच्च अधिकारियों से विभागीय पत्र व्यवहार तथा स्वीकृति आदि प्राप्त करने के समस्त कार्य कंप्यूटर से ही होंगे। कार्यशाला में उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियो को प्रोजेक्टर के माध्यम से ई-ऑफिस के बारे में जानकारी दी गई और कार्य करने के बारे में बताया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक मनीष नाहर, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी समीर राजन, ई डिस्ट्रिक मैनेजर अंशुल माहेश्वरी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एके दीक्षित तथा सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।