सहावर और अमांपुर की बड़ी डकैती की वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को बरेली की पुलिस का कामयाबी मिल गई है। अन्य बदमाश फरार हैं। यह सभी बदमाश मुरादाबाद जनपद के रहने वाले हैं। भमौरा थाना पुलिस की सूचना पर डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर अमांपुर एवं सहावर थाना की पुलिस बरेली के भमौरा थाना के लिए रवाना हो गई है। 10-12 अन्य बदमाश फरार बताए गए हैं।
9 मई की रात्रि को अमांपुर के मोहल्ला ददवारा में बदमाशों ने चंद्रपाल के घर डकैती की वारदात को अंजाम देकर उनकी हत्या कर दी और कई लोगों को घायल कर दिया। बदमाश नकदी और जेवर लूटकर भाग गए। 10 मई को सहावर थाना के नवीनगर क्षेत्र में राजीव कुमार उर्फ राजू के घर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात में चंपा देवी, माया देवी एवं रामदास की हत्या करके करीब साढ़े पांच लाख रुपये के जेवर और नकदी की लूट कर ली। इस मामले के खुलासे में एडीजी अजय आनंद ने एसटीएफ सहित जोन की 6 टीमों को लगाया था।
विज्ञापन
ये टीमें मामले के खुलासे में जुटीं थीं। वहीं बरेली के भमौरा थाने के चंपतपुर मंदिर में हुई लूट की घटना को भी इन्हीं बदमाशों ने अंजाम दिया। बरेली और भमौरा की पुलिस इस घटना को लेकर सक्रिय थी। बुधवार की रात्रि को भमौरा पुलिस ने अमजद पुत्र आबिद एवं उसके साथी दिलशाद पुत्र बागड़ी निवासी नई बस्ती कस्बा कुंदरकी जनपद मुरादाबाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में कासगंज के अमांपुर और सहावर की डकैती की घटनाओं को भी दोनों बदमाशों ने कुबूला। पुलिस पूछताछ में बताया कि 10-12 अन्य साथियों के साथ डकैती की वारदातों को अंजाम दिया गया। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। सीओ सहावर, इंस्पेक्टर सहावर एवं इंस्पेक्टर अमांपुर को भमौरा थाने के लिए रवाना किया गया है।
- बरेली की भमौरा थाना पुलिस ने डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के समक्ष गिरफ्तार बदमाशों ने अपना जुर्म कुबूल किया है। सहावर के सीओ, इंस्पेक्टर एवं अमांपुर के इंस्पेक्टर को भमौरा भेजा गया है। पुलिस पकड़े गए बदमाशों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे हुए माल की बरामदगी की जाएगी। पीयूष कुमार श्रीवास्तव, डीआईजी