गोवर्धन/राधाकुंड (मथुरा)। दस दिन पूर्व ठेकेदार की गोली मारकर की गई हत्या का खुलासा न होने पर राल के ग्रामीण भड़क गए। बस अड्डे से पैदल मार्च करके थाना गोवर्धन पर पहुुंचे ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा। थाने का घेराव करते हुए ग्रामीणों ने नारेबाजी की। पुलिस अफसरों के आश्वासन पर डेढ़ घंटे बाद ग्रामीण शांत हो सके।
वृंदावन कोतवाली के गांव राल निवासी तपेश शर्मा (44) पुत्र छिद्दीलाल शर्मा की सात मई को राल-राधाकुंड मार्ग पर मुखराई मोड़ की पुलिया पर अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। ठेकेदार को दिल्ली के सर गंगाराम में भर्ती कराया गया था। 15 मई को ठेकेदार ने दम तोड़ दिया।
10 दिन बीतने के बाद भी हमलावरों की गिरफ्तारी न होने पर राल के ग्रामीण भड़क उठे। सैकड़ों ग्रामीणों ने बस अड्डे से पैदल मार्च थाना गोवर्धन तक निकाला। डेढ़ घंटे तक हंगामा काट रहे ग्रामीण तपेश के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की तख्तियां लिए नारेबाजी करते रहे।
थाने का घेराव करते हुए धरने पर बैठे ग्रामीणों को सीओ गोवर्धन जगवीर सिंह चौहान और प्रभारी निरीक्षक संसार सिंह राठी समझाने पहुंचे। पुलिस अफसरों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। प्रभारी निरीक्षक संसार सिंह राठी ने बताया कि जल्द ही हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।