एटा। बैंक से रुपये लेकर जा रहे रिटायर्ड एसआई से बाइक सवार दो बदमाश बीस हजार रुपये की नकदी रखा थैला छीनकर ले गए। जानकारी पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश कराई। हालांकि बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
थाना नया गांव क्षेत्र के डांडी निवासी रामकुमार पुत्र रामसिंह रिटायर्ड एसआई है। मंगलवार को उन्होंने कस्बा सराय अगहत स्थित एसबीआई बैंक से पेंशन के बीस हजार रुपये निकाले और थैले में रखकर पैदल घर जा रहे थे। कलुआपुर रोड पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने रामकुमार से थैला छीन लिया और फरार हो गए। रामकुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और बदमाशों की तलाश कराई। हालांकि कोई भी बदमाश पुलिस को हाथ नहीं लग सका था। वहीं थाना प्रभारी चमन गोस्वामी ने बताया कि मामले की जांच कर बदमाशों को पता लगाया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि थैले में बंदूक का लाइसेंस और आधार कार्ड, पासबुक आदि जरूरी कागज रखे थे।