मथुरा। पड़ोसी युवक के आए दिन छेड़छाड़ के डर से स्कूल छोड़कर घर में कैद हुई नाबालिग छात्रा के मामले में जमुनापार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक को पकड़ने को जमुनापार पुलिस ने उसकी दुकान और घर पर दबिशें दी है, पर ताले लगे मिले हैं।
थाना जमुनापार की एक कालोनी में तीन दिन पूर्व स्कूल जा रही छात्रा से छेड़छाड़ की गई थी। छात्रा ने आरोप पड़ोसी युवक पर लगाया। परिजनों ने शिकायत की तो पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद पुलिस के आला अफसरों के पास मामला पहुंचते ही हरकत में आई पुलिस ने शनिवार को पड़ोसी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक हरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर पास के युवक अंकुर के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 506 और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जमुनापार पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ने को दबिश दी, लेकिन घर और दुकान पर ताले लगे मिलने पर पुलिस लौट आई।
पुलिस की मानें तो आरोपी युवक ऑटो पार्टस की दुकान चलाता है, जबकि पड़ोस की 16 साल की किशोरी से आए दिन स्कूल जाते हुए छेड़छाड़ की जाती थी। मुकदमा दर्ज होने पर पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।