झांसे में लेकर डेढ़ लाख रुपये के गहनों की चपत
- फोटो : डैमो
मथुरा। राया फाटक पर सवारी का इंतजार कर रहीं सगी बहनों को दो युवकों ने झांसे में लेकर डेढ़ लाख रुपये के गहनों की चपत लगा दी। इन्हें एक पीली धातु का बिस्कुट पकड़ाकर दोनों युवक फरार हो गए। राया से जमुनापार के धोबीघाट तक पहुंची बहनें अनभिज्ञ रहीं। यहां से पैदल आर्य समाज रोड पर पहुंची बहनों को डेढ़ लाख रुपये की चपत का अहसास हुआ। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने टटलुओं की तलाश की, लेकिन कोई भी हत्थे नहीं चढ़ सका।
खुर्जा निवासी कृष्णा पत्नी अंकित और पलवल निवासी बीना सगी बहनें हैं। यह अपने मायके थाना राया के गढ़ी धनु से पलवल जा रहीं थीं। राया फाटक पर वाहन का इंतजार कर रहीं थीं तभी दो युवक आए और उन्होंने ऑटो रुकवाया। दोनों बहनें उसमें सवार हो गईं। दोनों युवक भी ऑटो में बैठ गए। राया फाटक और जमुनापार के धोबीघाट तक युवकों ने सगी बहनों को झांसे में लेकर दो सोने की चेन और छह अंगूठी उतरवा लीं।
पांच तोले के जेवरात को रुमाल में रखकर दोनों युवकाें ने पीली धातु का बिस्कुट पकड़ा दिया। इसका अहसास दोनों महिलाओं को ऑटो से उतरने के बाद आर्य समाज रोड पर पहुंचकर हुआ। तब तक दोनों युवक फरार हो चुके थे। रो रही दोनों बहनों को देख कोतवाली पुलिस अपने साथ ले गई। कोतवाली प्रभारी शिवप्रताप सिंह का कहना है कि मामला अन्य थाने का है। फिर भी पीड़िताओं की तहरीर ले ली है।