फरह (मथुरा)। कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा और ग्रुप के छह निदेशकों ने मथुरा जिले के 77 निवेशकों का भी 1.25 करोड़ रुपये हड़प लिया है। यह धनराशि निवेशकों से फ्लैट की एवज में ली गई है। पीड़ित ने थाना फरह में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही है।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी, एमपी, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में फ्लैट और प्लाट के नाम पर करोड़ों रुपये हड़प चुके कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा ने मथुरा जनपद के लोगों को भी नहीं बख्शा। कल्पतरु ग्रुप के खोले गए कार्यालयों में क्षेत्रीय एजेंटों के माध्यम से फ्लैट और प्लाट के एवज में एडवांस रकम वसूली। कल्पतरु ग्रुप के मालिक ने निवेशकों को फ्लैट और प्लाट तो देना दूर, उनसे ली गई धनराशि भी नहीं लौटाई है।
शनिवार की रात बालाजीपुरम के बुद्ध बिहार निवासी दौलत सिंह ने कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि 77 आवंटियों से करीब 1.25 करोड़ रुपये फ्लैट की एवज में लिए गए, पर उन्हें आजतक फ्लैट और रकम तक नहीं मिल सकी। मुकदमे में कल्पतरु ग्रुप के निदेशक लखनबाग लखनऊ निवासी शशिकांत मिश्रा, औरंगाबाद के विश्वनाथ प्रताप सिंह, औरंगाबाद के सांई बिहार निवासी राकेश कुमार, मध्यप्रदेश के भिंड निवासी विपिन कुमार यादव और राजकुमार यादव, औरंगाबाद के नरसीपुरम् निवासी मंजीत कुमार को भी शामिल किया गया है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के पकड़ने के लिए दबिशें दी जा रही हैं।
500 करोड़ लेकर फरार राणा पुलिस की पकड़ से दूर
500 करोड़ रुपये लेकर फरार कल्पतरु ग्रुप का मालिक जयकृष्ण सिंह राणा आजतक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। दो दर्जन से अधिक मुकदमे में नामजद होने के बाद भी कल्पतरु ग्रुप के मालिक की गिरफ्तारी न होना भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इसके लिए थाना पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
- स्वप्निल ममगाई, एसएसपी, मथुरा