बल्देव/नौहझील (मथुरा)। मंगलवार को महावन की पशु पैंठ में भैंस खरीदने आए हाथरस निवासी महिला-पुरुष हादसे का शिकार हो गए। हादसा बाइक व अज्ञात वाहन के भिड़त के कारण हुआ। इसमें युवक की मौत हो गई जबकि महिला बुरी तरह जख्मी हो गई।
हाथरस के गांव धांधू निवासी चिनुआ (40) पुत्र फाली मंगलवार की सुबह अपने पड़ोस में रहने वाली मीरा पत्नी धर्मवीर के साथ सादाबाद से भैंस खरीदने महावन आए थे। दोनाें बाइक सवार थाना बल्देव के अवैरनी चौराहा से कैलाश रोड जाने वाले मार्ग स्थित सिंडीकेट बैंक पास पहुंचे, तभी सामने से आए तेज रफ्तार वाहन से इनकी आमने-सामने भिडंत हो गई। हादसे में दोनों बुरी तरह जख्मी हुए। कुछ देर तड़पने के बाद चिनुआ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया। घायल मीरा का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
बाजना से अलीगढ़ लौट रहे मां-बेटे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिए, जिसमें बेटे की मौत हो गई जबकि मां व बेटी घायल हुई हैं। सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। अलीगढ़ के खेरा सत्तू निवासी लक्ष्मण (38) पुत्र शेर सिंह अपनी मां मुन्नी देवी व नाबालिग पुत्री कविता के साथ बाजना में विवाह से घर लौट रहे थे। बाइक सवार बाजना-लालपुर रोड पर पहुंचे ही थे कि पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर लक्ष्मण की मौत हो गई मां मुन्नी देवी व बेटी कविता घायल हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।