कोसीकलां (मथुरा)। जनपद की एक मात्र नगर पालिका परिषद का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए डीएम और एसएसपी ने फोर्स के साथ मार्च कर सुरक्षा का जायजा लिया।
नगर पालिका परिषद चेयरमैन के 6 एवं सभासद के 122 प्रत्याशियों का भाग्य रविवार को मतपेटिकाओं में बंद हो जाएगा। 44159 मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए 44 बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई। देर शाम जोनल मजिस्ट्रेटों ने सभी पार्टियों के मतदान केंद्रो पर पहुंचने की जानकारी कंट्रोल रूम को दे दी।
शनिवार को डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी व एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने एसडीएम डा. राजेन्द्र पेंसिया, सीओ चंद्रधर गौड़, इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह मलिक के साथ मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। एसएसपी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा का खाका तैयार कर मतदान केंद्रों पर फोर्स भेज दी गई है। बूथों की सुरक्षा में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पांच थाना कलस्टर मोबाइल पर भी पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। सीआरपीएफ के अलावा होमगार्ड की भी ड्यूटी लगाई गई है। हर गतिविधि पर अफसरों की नजर रहेगी।