वृंदावन (मथुरा)। यमुना में गिर रहे नालों के कारण इलाहाबाद हाईकोर्ट के कड़े रुख केबाद प्रशासन में हड़कंप मचा है। मंगलवार को जल निगम के अधिकारियों और नगर आयुक्त ने वृंदावन के सीवेज पंपिंग स्टेशन और ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। मौके पर पंपिंग स्टेशन व सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जर्जर मिले। निरीक्षण के दौरान वृंदावन के सीवेज सिस्टम को दुरुस्त करने की रणनीति बनाई गई।
मंगलवार को नगर आयुक्त डा. उज्जवल कुमार, जल निगम के चीफ इंजीनियर आरके गर्ग, एसई अनिल कुमार जिंदल, प्रोजेक्ट मैनेजर निजामुद्दीन, नगर निगम की महाप्रबंधक मंजू गुप्ता, जेई निर्माण सुरेश लवानिया, जल निगम के कांट्रैक्टर ठाकुर पोप सिंह ने पागल बाबा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के साथ किशोरपुरा और मुखर्जी पार्क में सीवेज पंपिंग स्टेशन और ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर संचालन की व्यवस्था को परखा। जहां मिली खामियों को दूर कर समस्या समाधान को लेकर मंथन हुआ।
नगर आयुक्त डा. उज्जवल कुमार ने बताया कि नगर पालिका से पंपिंग स्टेशन व सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जर्जर हालत में मिला है। इसकी खामियां दूर करने में कुछ समय लगेगा। बताया कि परिक्रमा मार्ग की सीवेज व्यवस्था एवं नालों की सफाई की जिम्मेदारी जल निगम को सौंपी गई है और इस पर भी काम शुरूकर दिया है।
नमामि गंगे योजना के शुरूहोने के बाद ही यमुना में गिर रहे कई बड़े नालों को टेप किया जाएगा। इसके साथ ही पिछले कई वर्षों से जर्जर पड़ी सीवेज की राइजिंग लाइन को भी बदला जाना है। उधर, जल निगम के चीफ इंजीनियर आरके गर्ग ने नगर आयुक्त डा. उज्ज्वल कुमार को बताया कि नमामि गंगे योजना के शुरू होने के बाद दोनों कार्य हो सकेंगे।