पुलिस लाइन में शहीदों को याद कर नम हुई आंखें
- फोटो : अमर उजाला
एटा। पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस लाइन में एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों ने शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही एसएसपी ने सीएम और पुलिस महानिदेशक का संदेश पढ़कर सुनाया।
शनिवार को पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस के शहीद वीर जवानों को पुष्प चक्र प्रदान कर पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने अपने फर्ज और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति शहीद हुए पुलिस जवानों के जीवन चरित्र के बारे में क्रमवार तरीके से प्रकाश डाला। एसएसपी ने कहा कि पुलिस कर्मी को अपने फर्ज और ड्यूटी के प्रति हमेशा निष्ठावान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो पुलिस कर्मी अपने फर्ज के प्रति काम करते हुए अपने प्राण न्यौछावर करते है। उनको हमेशा याद किया जाता है। एसएसपी अखिलेश चौरसिया, एएसपी संजय कुमार के साथ सभी सर्किल अधिकारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
कासगंज।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में शहीदों को याद किया गया। पुलिस अधीक्षक व अन्य पुलिसकर्मियों ने शहीद पुलिस कर्मियों का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
एसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए जिन पुलिस कर्मियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया। ऐसे पुलिस कर्मियों की शहादत हमारे लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अपने कर्तव्य का पालन करने व मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर करने से भी पीछे न हटने का कर्तव्य बोध कराया। उन्होंने कहा कि शहादत देने वालों को हमेशा याद किया जाता रहा है। उनके बाद अन्य पुलिस अधिकारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर एएसपी पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ शैलेंद्र लाल, सीएफओ आनंद रजनीश सिंह सहित जिले के अन्य थाना प्रभारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी पुलिसकर्मियों ने शहीदों को सलामी देकर श्रद्धांजलि दी।