मथुरा। आगरा और मथुरा जीआरपी की स्वाट टीम ने मथुरा जंक्शन से दो गांजा तस्कर दबोचे हैं। दोनों गांजा तस्करों से पुलिस ने 61 किलो गांजा बरामद किया है। गांजे को दिल्ली और पंजाब ले जाया जा रहा था।
आगरा जीआरपी की स्वाट टीम को सूचना मिली कि मथुरा से तस्कर ट्रेन से गांजा लेकर जा रहे हैं। इस पर जीआरपी स्वाट टीम प्रभारी हरीओम और जीआरपी मथुरा की टीम ने प्लेटफार्म दो से विष्णु चौधरी निवासी गांव हकीमपुर थाना हाईवे मथुरा व राजू निवासी आदर्श कालोनी होडल जिला पलवल को दबोच लिया। दोनों के कब्जे से 61 किलो गांजा बरामद किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह गांजे की खेप उड़ीसा से लेकर आते हैं और हाईवे किनारे दिल्ली और पंजाब तक ढाबों पर बेचते हैं। बरामद गांजे की कीमत पांच लाख से अधिक है। बताया कि चौपहिया वाहनों में चेकिंग के चलते अब वह ट्रेन के जनरल कोच में बैगों में भरकर गांजा ले जाते हैं।