गंगा में पिछले सप्ताह से जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी है। नरौरा बैराज से कछला की ओर 17 हजार क्यूसेक पानी का अधिक डिस्चार्ज बना हुआ था। गंगा के जलस्तर में कछला ब्रिज पर 10 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हो गई। रविवार को जलस्तर में और वृद्धि होने के आसार हैं। तटवर्ती गांव के इलाकों के लोगों की चिंताए कम होने का नाम नहीं ले रहीं।
गंगा में नरौरा से छोड़ा गया पानी लो फ्लड स्तर के पास पहुंच गया है। जिले में एक लाख से डेढ़ लाख क्यूसेक तक पानी का डिस्चार्ज होने पर लो फ्लड के हालात पैदा होते हैं। शनिवार को नरौरा का डिस्चार्ज 94333 क्यूसेक का था, जो लो फ्लड स्तर से कुछ ही कम था। बढ़े हुए डिस्चार्ज के चलते गंगा के जलस्तर में कछला ब्रिज पर रविवार को और वृद्धि होने की संभावना है। बिजनौर बैराज पर पानी का दबाव भी अधिक है। जलस्तर की वृद्धि से गंगा के घाटों पर लगातार खतरे के हालात पैदा हो रहे हैं। दतलाना के किसान हरिओम मिश्रा ने बताया कि गांव के निकट पानी बढ़ने पर सबसे पहले सोता में पानी आना शुरू हो जाता है। यह सोता उढ़ेर बांध से लगा हुआ है। इससे और पानी बढ़ने पर गांव में पानी घुसने का खतरा हो सकता है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के सहायक बाढ़ प्रभारी एके सिंह का कहना है कि रविवार को गंगा के जलस्तर में और वृद्धि होगी, लेकिन अभी बाढ़ का खतरा नहीं है।
गंगा में डूबे दो युवकों को दुकानदारों ने बचाया
कासगंज। कछला गंगाघाट पर सुबह के समय गंगास्नान करते समय दो युवक गंगास्नान करते समय गंगा में डूबने लगे। यह देखकर घाट पर दुकान चलाने वाले दुकानदार ने आनन फानन में अपनी दुकान का तिरपाल ही डूबते हुए युवकों की ओर फेंक दिया। दोनों युवकों ने तिरपाल पकड़ लिया और दुकानदारों ने उन्हें बाहर की ओर खींच लिया। इससे दोनों ही युवकों की जान बच गई। यह दोनों युवक संतोष (25) पुत्र गंगाराम एवं नवल (21) पुत्र रामप्रसाद निवासी कासगंज के बताए गए।
फोटो प्रेषित है