बिना मान्यता के विद्यालय चलाने वालों की अब खैर नहीं है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तीन टीमों का गठन कर दिया है। ये टीमें विकास खंड के विद्यालयों का निरीक्षण कर मान्यता का अवलोकन करेंगी। बिना मान्यता के विद्यालय संचालित मिलने पर संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
जिले में फर्जी तरीके से बिना मान्यता के विद्यालयों के संचालन का खेल लंबे समय से चल रहा है। विद्यालयों के संचालक मान्यता प्राप्त विद्यालयों से साठ-गांठ करके विद्यालयों का संचालन शुरू कर देते है। बच्चों के भविष्य से हो रहे इस खिलबाड़ को रोकने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। शिक्षा विभाग ने राजकीय बालिका इंटर कालेज के प्रधानाचार्य राजेश अग्रवाल को कासगंज, सहावर एवं अमापुर विकास क्षेत्र, राजकीय हाईस्कूल नमैनी की प्रधानाचार्य रजनी कांत निर्मल, राजकीय हाई स्कूल बहोरा की प्रधानाचार्या सरला कुमारी एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य लाल सिंह को पटियाली, गंजडुडवारा, सिढ़पुरा विकास क्षेत्र के विद्यालयों की जिम्मेदारी सौंपी है। डीआईओएस आरएसएस राजपूत ने कहा कि बिना मान्यता के या अनधिकृत रूप से विद्यालयों का संचालन मिलने पर टीम प्रभारी संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर विभाग को सूचना देंगी।