हेल्प डेस्क स्थापित, 24 घंटे करेगी काम
एक जुलाई से लागू हो रहे जीएसटी को लेकर कारोबारियों और आम आदमी को कोई दिक्कत न हो इसके लिए वाणिज्य कर विभाग ने हेल्प डेस्क की स्थापना कर दी है। यह 24 घंटे काम करेगी। वहीं प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी को उद्यमी व व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उद्यमी, व्यापारी, छोटे दुकानदार सशंकित हैं कि एक जुलाई से कारोबार कैसे चलेगा। इनकी शंका और समाधान को हेल्प डेस्क पर दो अफसर व चार कर्मचारी तैनात किए गए हैं। कोई भी व्यक्ति फोनकर समस्या का समाधान पूछ सकता है। इसके अलावा वाणिज्य कर विभाग अफसरों, उद्यमियों, व्यापारी, सीए व अधिवक्ताओं के लिए सेमिनार भी आयोजित कराएगा।
एक जुलाई जीएसटी स्थापना दिवस के रूप में मनेगा
वाणिज्य कर विभाग कार्यालय में एक जुलाई को जीएसटी स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाएगा। डिप्टी कमिशभनर उदयप्रताप ने बताया है कि एक जुलाई को डीएम नेहा शर्मा की अध्यक्षता में सुबह 10.30 बजे जीएसटी स्थापना दिवस समारोह होगा। इसमें क्विज प्रतियोगिता होगी।
जीएसटी में जानकारी को यह हैं हेल्प लाइन नंबर
7235002518 - शिवप्रताप-ज्वाइंट कमिशभनर कारपोरेट
7235002536 - अंबुज सिंह - नोडल अधिकारी
उद्यमी, व्यापारी जीएसटी से डरें नहीं : सहायक आयुक्त
वाणिज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त, सचल दल नृपेंद्र सिंह सेंगर का कहना है किजीएसटी से भविष्य में फायदा होने जा रहा है। पूरे हिंदुस्तान में कहीं से माल खरीदने पर इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ मिलेगा। शासन के निर्देश पर चेकिंग व छापेमारी विभाग द्वारा बंद कर दी गई है। सामान्य व तकनीकी त्रुटियों पर प्रवर्तन दल कोई कार्रवाई नहीं करेगा। जीएसटी लागू होने से माल सस्ता होगा। सारा कार्य ऑनलाइन होने से भ्रष्टाचार व अनियमितता की गुंजाइश पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।