फिराोजाबाद। सपा का एक और किला ढहाने के लिए भाजपा ने शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव छोटू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की रणनीति को अंजाम दिया। जिला पंचायत के 33 सदस्यों में से 21 सदस्यों ने डीएम को शपथपत्र देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रति अविश्वास व्यक्त।
यूपी में सत्ता बदलने के साथ भाजपा एक-एक करर सपा के किले ढहाने की रणनीति को अंजाम देने में जुट गई है। सबसे पहले जसराना ब्लाक प्रमुख रामपाल सिंह यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। बुधवार को नारखी ब्लाक प्रमुख डा. दिनेश यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल किया गया।
शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव छोटू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल किया गया। कई दिनों से पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह के सिरसागंज स्थिति आवास पर रणनीति बन रही थी। खास बात यह है कि सपा से जुड़े रहे क्षत्रप ही इस रणनीति को मुकाम तक पहुंचाने में सहयोगी बने हैं।
शुक्रवार दोपहर भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायकों के साथ 21 जिला पंचायत सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को शपथ पत्र दिए। डीएम ने शपथ पत्रों को बारीकी सेे देखने के साथ सदस्यों की मौजूदगी को भी चेक किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह, विधायक मनीष असीजा, विधायक रामगोपाल लोधी, विधायक डा. मुकेश वर्मा, जिलाध्यक्ष बीएल वर्मा, पूर्व विधायक रामवीर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष नानकचंद्र अग्रवाल, डा. लक्ष्मी नरायन यादव, अरविंद्र पचौरी, अतुल प्रताप सिंह, पवन दीक्षित, महेश पूरन उपस्थित थे।
इन सदस्यों ने दिए शपथ पत्र
कायम सिंह, राकेश, बबली, श्याम सिंह, अमोल यादव, अनुजेश प्रताप सिंह, सियाराम, सुनील प्रताप, अनिल प्रताप सिंह, सुल्तान सिंह, मंजू, आशादेवी, कुंवर विजय, रामसियादेवी, मीरादेवी, ओमवती, विनोद कुमार, विमल कुमार, रेखादेवी, बबली और शोभादेवी शामिल हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पर लगाए गए आरोप
- समय से बैठक न बुलाना, सदस्यों को बैठक का एजेंडा न देना। कोरम पूरा न होने पर भी अध्यक्षीय पद का दुरुपयोग करना। मनमाने तरीके से बिना प्रस्ताव के काम कराना।
- कार्यों में वित्तीय अनियमितता और आय-व्यय में पारदर्शिता न होना। समितियों पर ध्यान न देना।
- अपना निजी हित ध्यान में रखते हुए अयोग्य ठेकेदारों से मानकों को ताक पर रख कर काम कराना। काम शुरू होने से पूर्व ही रुपयों का भुगतान करना।
- अर्मादित आचरण, दुर्भावनापूर्ण कार्य, राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना।
- वर्ष 2016-17 का जिला पंचायत का पूरा बजट अपने पिता विधायक हरिओम यादव के निर्वाचन क्षेत्र सिरसागंज में खपा देना। पिता को चुनाव जिताने के लिए मानक, नियम और आचार संहिता का उल्लंघन करके काम कराना।
सदस्यों से जबरन कराए गए हस्ताक्षर : छोटू
फिरोजाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव छोटू ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। गुरुवार को इटावा में मेरे और पिता हरिओम यादव के खिलाफ फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिला पंचायत के सदस्यों को भाजपा के पराजित प्रत्याशी ने आवास पर बैठक के बहाने बुलाया और जबरन हस्ताक्षर कराए। दो सदस्यों को पुलिस उन्हें जबरन घर से उठा कर ले गई। जो शपथ पत्र दिए गए हैं उनमें कुछ के हस्ताक्षर फर्जी हैं। अभी तो मतदान होना शेष है, सब पता चल जाएगा कि भाजपा की साजिश क्या है और कौन किसके साथ है।