500 और एक हजार रुपये के पुराने नोट बंद करने के फैसले के बाद गुरुवार सुबह बैंकों के शटर जब तक खुले, तब तक हर शाखा के बाहर चार से पांच दर्जन ग्राहकों की भीड़ लाइन में आ चुकी थी। 500 और एक हजार रुपये के नोट के बदले सौ रुपये के नोट लेने के लिए सुबह सात बजे से ही ग्राहकों की लंबी-लंबी कतारें शाखाओं के बाहर लगी हुई थी। भारी भीड़ के कारण चार से पांच घंटों तक का इंतजार लोगों को करना पड़ा।
पुराने बड़े नोट बंद होने के बाद पहले दिन जब बैंक खुले तो ग्राहकों का सैलाब उमड़ पड़ा। स्टेट बैंक, केनरा बैंक, एचडीएफसी, बैंक आफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक आफ इंडिया, यूनियन बैंक, सेंट्रल बैंक समेत सभी बैंकों की शाखाओं में सुबह शटर खुलने से पहले ही लोग पहुंच गए। छीपीटोला, सदर बाजार, एमजी रोड, राजा की मंडी, बोदला, शाहगंज, कोठी मीना बाजार, लोहामंडी, कमला नगर, बल्केश्वर, घटिया आजम खान, टीपी नगर, सिकंदरा, संजय प्लेस, बेलनगंज, यमुना किनारा की शाखाओं पर ग्राहकों की भीड़ काफी ज्यादा रही। ग्राहकों में चार हजार रुपये के नोट एक्सचेंज करने वालों की तादात ज्यादा रही, वहीं कैश जमा करने वाले भी शाम तक बैंकों में जमे रहे। एकाउंट से निकासी की जगह ज्यादातर लोगों ने नोट एक्सचेंज में दिलचस्पी दिखाई। आगरा में बैंकों की 475 शाखाएं हैं, जिनमें करीब 3.40 लाख लोगों ने नोट एक्सचेंज की सुविधा ली, जबकि 4.50 लाख लोगों ने कैश जमा किया। शुक्रवार को एटीएम शुरू हो जाने के बाद सौ रुपये के नोटों का संकट खत्म होने की उम्मीद है। जिले में 450 से ज्यादा एटीएम हैं, जिनमें हर एक में चार से पांच लाख रुपये के नोट लोड किए जाएंगे। शुक्रवार शाम तक 500 और 2000 रुपये के नए नोट भी बैंकों में पहुंच जाएंगे।
4 बैंकों में हंगामा, नारेबाजी
बैंकों में भारी भीड़ के कारण पुलिस प्रशासन और बैंक के आला अधिकारी पूरे दिन निरीक्षण करते रहे, लेकिन ग्राहकों के सब्र का बांध जब टूटा तो हंगामा हो गया। ओरियंटल बैंक आफ कामर्स की फतेहाबाद रोड शाखा, पंजाब नेशनल बैंक की शास्त्रीपुरम शाखा, इलाहाबाद बैंक की कालिंदी विहार और केनरा बैंक की शाखा पर हंगामा हुआ। ओबीसी फतेहाबाद रोड पर ग्राहकों और बैंक कर्मियों के बीच तकरार ज्यादा हो गई तो पुलिस को बुलाना पड़ा। वहीं, शाम 4:30 बजे कालिंदी विहार स्थित इलाहाबाद बैंक का गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद बैंक के अंदर रकम जमा करने भी लोगों को नहीं जाने दिया गया। ग्राहकों ने नोट हाथ में लेकर हंगामा किया। इसकी जानकारी पर थाना एत्माद्दौला पुलिस पहुंच गई। इसके बावजूद बैंक कर्मियों ने गेट नहीं खोले। रिटायर्ड बैंक कर्मी शिवशंकर ने बताया कि वह रकम जमा करने आए थे, लेकिन कर्मचारियों ने रकम जमा करने से मना कर दिया। उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया।
बचत जमा कराने पहुंची महिलाएं
घर पर पति की नजर से बचाकर जिन महिलाओं ने हजारों रुपये इकट्ठे कर लिए थे, वह सुबह से ही बैंक की लाइन में लग गईं। महिलाओं के झुंड के झुंड इन कतारों में नजर आए। पुरुष ग्राहक जहां नोट बदलने के लिए ज्यादा तादात में पहुंचे तो महिलाएं घर में रखी नगदी जमा करने के लिए कतार में लगी रहीं। मुड़े-तुड़े पुराने 500 और एक हजार रुपये के नोटों को जमा करने के लिए दोपहर में महिलाएं ज्यादा आईं।