उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में कार सवार बदमाशों ने बड़ी लूट को अंजाम दिया। क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर कार सवार बदमाश बकरा व्यापारी से 10.45 लाख रुपये की नकदी लूटकर ले गए। बदमाशों ने व्यापारी, उसके साथी और मैक्स चालक को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर अपने वाहन में बैठाया। लूट की सूचना पर एसएसपी अशोक कुमार के साथ कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
जसराना के गांव मुस्तफाबाद निवासी चंद्रभान पुत्र दिवारीलाल बकरों का व्यापार करता है। बुधवार को वह मैक्स गाड़ी से अपने साथी साहिल पुत्र मोहन निवासी दांतनगर जिला आगरा व चालक संजू पुत्र विजय निवासी कायथा थाना नारखी के साथ सिकंदराराऊ में लगने वाली बकरा मंडी से बकरों की खरीदारी के लिए जा रहा था। ये लोग एका क्षेत्र के गांव फरीदा मोड़ स्थित भट्ठे के समीप पहुंचे, तभी कार सवार बदमाशों ने मैक्स रुकवा ली।
बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अफसर बताया और हथियारों के बल पर चंद्रभान, साहिल और संजू को अपनी कार में बैठा लिया। मैक्स जीप को भी कब्जे में ले लिया। बाद में मैक्स जीप को नकटपुर एका के समीप छोड़ दिया जबकि बकरा व्यापारी के साथ संजू और साहिल को सुजातपुर के समीप खेतों में छोड़कर भाग गए। बदमाश बकरा व्यापारी के पास रखी करीब दस लाख 45 हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने तीनों के मुंह पर टेप भी लगा दी थी। बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ितों ने शोरगुल किया तो आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। थानाध्यक्ष एका महेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित व्यापारी ने लूट की तहरीर दी है। देर शाम तक बदमाशों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, एसपी देहात ने बताया कि घटना के खुलासे को टीम लगातार प्रयास कर रही है। घटना का वर्क आउट जल्द कर दिया जाएगा। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है।
कपूत की करतूत: भगवान के दर्शन कराने के बहाने मां को जंगल को छोड़ गए, कई घंटे भूख-प्यास और दर्द से कराहती रहीं