नेस्ले के मैगी नूडल्स की खराब गुणवत्ता की शिकायत पर गुरुवार को एफडीए की टीम ने शहर के दो प्रमुख डीलर्स के यहां छापा मारकर करीब 1.40 लाख पैकेट सीज किए हैं। दोनों स्थानों से चार सैंपल लिए गए हैं। अभिहीत अधिकारी रामनरेश यादव ने बताया कि मैगी नूडल्स, मैगी क्लासिक, आटा नूडल्स, मैगी मसाला आदि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। कंपनी ने अपने कुछ ब्रांड के बैच बाजार से वापस भी लिए हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर अन्य ब्रांड की जांच की जा रही है। इसी के चलते गुरुवार को आगरा-दिल्ली हाईवे पर कामायनी अस्पताल के नजदीक स्थित राज ट्रेडर्स के यहां मैगी नूडल्स की जांच की गई। करीब 85 हजार पैकेट सीज किए हैं और दो नमूने लिए हैं। इसके बाद प्रतापपुरा स्थिति प्रेम फूड ट्रेडर्स के यहां 55 हजार पैकेट सीज किए हैं। यहां भी दो सैंपल लिए हैं।
राम नरेश यादव ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। यदि नमूनों में गड़बड़ी पाई जाती है तो कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अन्यथा सीज किए माल को मुक्त कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया में करीब 25 दिन का वक्त लगेगा। टीम में खाद्य निरीक्षक उमेश शर्मा, कमलेश कुमार, अनिरुद्ध यादव आदि मौजूद रहे।
सिंथेटिक दूध की जांच को लखनऊ से आ रही टीम
आगरा। गर्मियों में दूध का उत्पादन कम हो जाता है, लेकिन डिमांड में कमी नहीं आती है। ऐसे में दुग्ध कारोबारी सिंथेटिक दूध बाजार में खपाते हैं। जिले में सिंथेटिक दूध और पनीर खपाने की शिकायतें आने लगी हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध के नाम पर सफेद जहर बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई का मन बना लिया है। अभिहीत अधिकारी राम नरेश यादव ने बताया कि दूध की जांच को लखनऊ से टीम आ रही है। जिले में बड़ा अभियान चलाया जाएगा।