लखनऊ। शहीद स्मारक से बलरामपुर अस्पताल रोड वनवे होने के बाद भी बृहस्पतिवार को लोगों को जाम से निजात नहीं मिल सकी। कोर्ट के बाहर सड़क पर पार्किंग होने से बड़े वाहन जाम में फंसे रहे और उनके पीछे चल रहे बाइक व कार सवार जाम में रेंगते रहे। वहीं शहीद स्मारक से बलरामपुर अस्पताल की ओर जाने वाले वाहन गांधी भवन में घुसकर रोड के दूसरी ओर जाने लगे। दोपहर बाद जब गांधी भवन परिसर में ट्रैफिक बढ़ा और जाम की स्थिति बनी तो यहां के कर्मचारियों ने गेट बंद कराए। शुक्रवार को यहां से किसी वाहन को निकलने नहीं दिया जाएगा। दूसरी ओर कैसरबाग गेट के प्रतिबंधित क्षेत्र से भी दिन भर भारी वाहनों के गुजरने का सिलसिला जारी रहा।
जिला जज ने बुधवार को जिला न्यायालय परिसर के आसपास जाम, पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या के निराकरण को लेकर नगर निगम व यातायात पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर नए प्लान पर चर्चा की। इसमें शहीद स्मारक से बलरामपुर अस्पताल जाने वाले मार्ग को वनवे बनाने का निर्णय लिया गया था। नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दी गई थी। लेकिन बृहस्पतिवार को ये व्यवस्था सुबह 10 बजे के बाद बढ़े ट्रैफिक के दबाव में धड़ाम हो गई। बाइक सवारों को छोड़कर अन्य वाहन तो शहीद स्मारक तिराहे से वाहन बलरामपुर अस्पताल की ओर नहीं जा पाये। लेकिन उन्होंने दूसरा शार्टकट रूट खोज लिया। डालीगंज, चौक की ओर से आने वाले टेंपो, कारें व बाइक टेढ़ी कोठी के बगल में खुले गांधी भवन के गेट में घुसकर कैंपस से होकर दूसरी ओर रोड पर निकलते रहे। यह क्रम दोपहर बाद शाम तक जारी रहा। इस दौरान परिसर में जाम की स्थिति पैदा हो गई। शाम को गांधी भवन के सचिव लाल बी. राय ने कर्मचारियों को आदेश देकर भवन के गेट बंद करवाए तब जाकर स्थिति सामान्य हुई। वहीं कचहरी के पास सड़क के दोनों ओर सड़क पर पार्किंग के चलते दिन भर वाहन जाम में फंसे रहे। जिलाधिकारी कार्यालय मार्ग पहले से वनवे था लेकिन परिवर्तन चौक की ओर से आने वाले वाहनों को इस मार्ग से निकाला गया। जबकि कैसरबाग से आने वाले वाहनों को प्रतिबंधित नील गेट से गुजारा गया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर देवी दयाल ने बताया कि कचहरी मार्ग को वनवे किया गया है, जबकि कैसरबाग के नील गेट से बड़े वाहनों को गुजरने से रोका जाएगा।
बंद होगा गांधी भवन का गेट
नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू होने के बाद वाहनों का शार्टकट रूट बना गांधी भवन का एक गेट शुक्रवार से बंद कराया जाएगा। गांधी भवन के सचिव लाल बी. राय ने बताया कि शुक्रवार से परिवहन निगम कार्यालय के बगल वाला गेट बंद करा दिया जाएगा। जिससे डालीगंज की ओर से आ रहे वाहन परिसर में प्रवेश न कर सकें।
पहले दिन नई व्यवस्था ने बढ़ाई परेशानी
ट्रैफिक डायवर्जन की नई व्यवस्था लागू होने से सुबह ऑफिस को निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कैसरबाग व अमीनाबाद जाने वाले लोगों को सीडीआरआई और स्वास्थ्य भवन तिराहे से घूमकर जाना पड़ा। वहीं डालीगंज की ओर से आ रहे वाहन रिवर बैंक कॉलोनी मार्ग होते हुए कैसरबाग और अमीनाबाद की ओर निकले। इसके चलते डफरिन अस्पताल के पास दिन भर जाम लगा रहा।