फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ड्रामा, रोमांस, थ्रिल...बना दी ठगी की फिल्म

Sat, 22 Jun 2013 05:30 AM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। मायानगरी से एक निर्देशक कुछ महीने पहले शहर में दाखिल हुआ। साथ में उसका पूरा परिवार और एक फिल्म की स्क्रिप्ट थी। इसके अलावा एक ऐसा दस्तावेज, जिसके बल पर वह शहर की कई हस्तियों से मिलता है। हर शख्सियत से मुलाकात में इसी कागज के बल पर वह करोड़ों के सपने और अपने इंटरनेशनल कनेक्शन दिखाता है। अपने बेटे को हीरो प्रोजेक्ट कर रहा यह निर्देशक कृष्णानगर की एक एस्पायरिंग मॉडल को हीरोइन कास्ट करने का वादा भी कर देता है। फाइव स्टार होटल में ग्रैंड पार्टी होती है। इसमें मेयर डॉ. दिनेश शर्मा, बसपा सांसद बृजेश पाठक के रिश्तेदार गुड्डू त्रिपाठी समेत तमाम रसूखदार शिरकत करते हैं। ऐसी शान देख कई लोग उसे लाखों रुपये दे देते हैं। कुछ उधार में तो कुछ कॉन्ट्रेक्ट के जरिए। ....लेकिन वो फिल्म नहीं बनती, जिसकी तैयारी की जा रही थी। फिल्म बनती है ठगी की, जिसके क्लाइमेक्स तक पहुंचते-पहुंचते निर्माता-निर्देशक पूरी फेमिली के साथ फरार हो जाता है और लोगों को लाखों रुपये का चूना लग चुका होता है।
विज्ञापन


ठग फेमिली पर एक नजर ः ठग फेमिली के मुखिया का कथित नाम नासिर राजपूत है। इसने खुद को राजस्थान के कोटा का रहने वाला बताया। इसके कथित परिवार में पत्नी, बेटा दानिश, दाऊद, शाऊल, सुलेमान, बेटी एशा पारी और बहू पिंकी उर्फ नगमा शामिल है। बिग बजट फिल्म में रोल, निर्देशन, बड़ा बिजनेस मार्ट, करोड़ों की रकम आने का झांसा। लोगों को विश्वास में लेने के लिए खुद के घर ले जाना, परिवारवालों से मिलाना। जमकर खातिरदारी करना। बड़ी पार्टियां आयोजित कर शहर के प्रभावी लोगों को बुलाना। इस जालसाज फेमिली ने जो जैसे फंसा उस पर वैसे दाना डाला और उनको लाखों की चपत लगाकर चंपत हो गया। ठगी का शिकार बन लाखों गंवाने वालों को अब इस नटवरलाल और उसकी ठग फेमिली की तलाश है। दो पीड़ितों ने उसके खिलाफ कृष्णानगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

ऐसे शुरू हुई ठगी की कहानी ः पहली एफआईआर कानपुर रोड स्थित एलडीए कॉलोनी निवासी अखिलेश त्रिपाठी ने की। अखिलेश का लखनऊ के साथ मुंबई में व्यवसाय है। उनका परिवार मुंबई में भी रहता है। अखिलेश की एक रिश्तेदार फिल्मों में चांस पाने के लिए कोशिश कर रही थी। इंटरनेट पर उसने नासिर के बारे में देखा। मुंबई के एक स्क्रिप्ट राइटर के जरिए उसकी नासिर से मुलाकात हुई। नासिर ने बताया कि वह करीब 13 करोड़ रुपये बजट की फिल्म ‘मोहब्बत तुमसे है’ प्लान कर रहा है, जिसमें वह अपने बेटे दाऊद को लांच करेगा। उसने बातों ही बातों में उसे हेरोइन लेने की बात कह दी। पहली ही बार में इतने बड़े बजट की फिल्म मिलने पर अखिलेश की रिश्तेदार खुशी से फूली नहीं समाई। उसने घर आकर सबको बताया। मुंबई में दोनों परिवारों में मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ माह पहले नासिर अपने परिवार के साथ लखनऊ आया। शूटिंग की लोकेशन तलाशने की बात कहकर करीब दो से ढाई माह तक वह अखिलेश के घर पर ही रहा।
विज्ञापन


युगांडा से आ रहा 53.60 करोड़ ः नासिर ने अखिलेश और उसके जरिए मिलने वालों को कहानी बताई कि वह मुसलमान से ईसाई बना है, इसलिए उसके परिवारवालों समेत सभी लोग विरोध में हैं। परिवार से अलग कर दिया है। पैसे की काफी दिक्कत है। उसने एक दस्तावेज दिखाते हुए बताया कि उसने अपनी प्रॉपर्टी बेची है, जिसके एवज में युगांडा से 53 करोड़ 60 लाख रुपये आने वाले हैं। इसी दस्तावेज को देखने के बाद अखिलेश समेत बाकी लोग उसकी बातों में आ गए। वह लोगों से उधार लेता गया और लोग मुस्कराकर उसे देते गए। अकेले अखिलेश ने उसे लाखों रुपये दे दिए। कुछ दिन पहले नासिर अखिलेश से उनकी अल्टो कार भी मांग ले गया। जब वह कार लौटाने नहीं आया तो अखिलेश ने फोन किया और पूछा कि कहां हो ? इस पर नासिर ने कहा कि बैंक से रुपये निकालने आया हूं। कुछ देर में पहुंच जाऊंगा, लेकिन न नासिर लौटा न उसका परिवार। अखिलेश ने पिकेडली के पास स्थित अपार्टमेंट में जहां नासिर और उसका परिवार रहता था, वहां जाकर पता किया तो खुलासा हुआ कि वे ताला लगाकर गायब हो चुके हैं।

विश्वास जमाने के लिए मुंबई से बुलाया डायरेक्टर ः नासिर ने बड़ी फिल्म बनाने का विश्वास दिलाने के लिए मुंबई के निर्देशक अनिल बलानी को बुलाया। उनसे एग्रीमेंट करके साइनिंग अमाउंट के रूप में ढाई लाख रुपये का चेक काटकर दे दिया और उसे कुछ दिन बाद लगाने को कहा। नासिर ने अनिल बलानी को भी बाकी लोगों की तरह युगांडा से रकम आने की बात कही। कुछ दिन बाद अनिल जब बैंक में चेक लगाने पहुंचे तो पता चला कि खाते में सिर्फ दस हजार रुपये हैं। अनिल ने नासिर से पूछा तो उसने बताया कि विदेश से रकम कोटा स्थित बैंक में ट्रांसफर नहीं हो पा रही है। रिजर्व बैंक के कुछ नियमों के चलते दिक्कत है। कुछ दिन में हो जाएगी। जब अनिल ने कोटा में उस बैंक की ब्रांच के बारे में जानकारी की तो पता चला कि वहां उसकी कोई शाखा ही नहीं है।
ट्रेवल कंपनी, मार्ट सबको लगाई चपत ः नासिर ने ट्रेवल कंपनी से तमाम हवाई टिकट कराए और गाड़ियों की बुकिंग की। उसके बिल के 1.60 लाख रुपये नहीं चुकाए। ऐसे ही एक फर्नीचर वाले से तीन लाख का काम कराया और रकम नहीं दी। उक्त फर्नीचर के दुकान मालिक ने कृष्णानगर में शिकायत की है। एसी लगाने वाले को भी लाखों का चूना लगा दिया। प्रॉपर्टी डीलर से भी 40 हजार ले लिए और जिस फ्लैट में रहता था, उसके मालिक को हजारों का चूना लगा दिया। एक अन्य से मार्ट खोलने के नाम पर जगह ली और उसे छह लाख की चपत लगा दी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें