लखनऊ। चौक क्षेत्र में सपा का झंडा लगी स्कार्पियो में दो गुर्गों के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे एक कथित नेता ने जमकर हंगामा काटा। रेस्टोरेंट संचालक से हाथापाई की और दो वेटरों को धुनने लगे। आसपास के व्यापारियों ने नेता को पकड़ कर खूब पीटा और पुलिस को सौंप दिया जबकि, दोनों गुर्गे भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक, सपा का झंडा लगी स्कापिर्यो से तीन व्यक्ति मंगलवार रात 11 बजे चौक चौराहा स्थित रेस्टोरेंट पहुंचे। इसी दौरान नशा अधिक होने के कारण एक व्यक्ति मेज के पास उल्टी करने लगा। रेस्टोरेंट संचालक अनूप मिश्रा ने इस पर आपत्ति जताई तो कथित नेता व उसके दो गुर्गों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस पर अनूप अपनी कुर्सी से उठकर उन्हें रोकने दौड़ा। तीनों ने उससे हाथापाई शुरू कर दी। चीख-पुकार पर वेटर अशोक और नरेश बीच बचाव करने बढ़े। नेता के दोनों गुर्गे वेटरों पर टूट पड़े। चीख पुकार व तोड़फोड़ होते देख आसपास के व्यापारियों ने पुलिस को सूचना दी और तांडव कर रहे नेता को पकड़कर उसे पीटने लगे। मौका पाते ही दोनों गुर्गे भाग निकले।
हंगामे के दौरान पुलिस टीम के पहुंचते ही नेता ने खुद को मऊ के सपा जिलाध्यक्ष मुन्ना मिश्रा बताते हुए रौब जमाने की कोशिश की। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर डॉक्टरी मुआयना कराया। रेस्टोरेंट संचालक ने मुन्ना मिश्रा व उसके दो साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर चौक आईपी सिंह का कहना है कि मुन्ना मिश्रा कभी खुद को मऊ तो कभी गोरखपुर में सपा जिलाध्यक्ष बता रहा है। तहकीकात में पता चला है कि वह इंदिरानगर में रहता है और बलरामपुर में पढ़ाई कर रहा है।