लखनऊ। महाराणा प्रताप की जयंती नौ मई को मनायी जाएगी। राजधानी में इस मौके पर विभिन्न संगठनों की ओर से कई आयोजन किए गए हैं। हुसैनगंज स्थित महाराणा प्रताप की मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ ही विशेष आयोजन होगा। साथ ही इस मौके पर महाराणा प्रताप की जयंती के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर धरना भी दिया जाएगा।
धरने का आयोजन अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष उदय शंकर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की लंबे समय से मांग हो रही है, लेकिन सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। सरकार द्वारा राणाप्रताप जैसे व्यक्तित्व की उपेक्षा नहीं की जानी चाहिए। इसीलिए बुधवार को सुबह 9 बजे हुसैनगंज चौराहा स्थित मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर हरिवंश सिंह के नेतृत्व में महासभा के कार्यकर्ता विधानभवन के सामने धरने पर बैठेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।