फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सवा लाख की खातिर मुनीम का अपहरण

Sat, 16 Mar 2013 05:30 AM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
मोहनलालगंज। फैजाबाद के एक व्यापारी से 1.28 लाख का भुगतान लेकर लौट रहे सनमाइका फैक्ट्री के मुनीम को पिकपडाला के मालिक व ड्राइवर ने अगवा कर लिया। फैक्ट्री मालिक की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर गाड़ी मालिक व ड्राइवर समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है। मुनीम का परिवार हत्या की आशंका जता रहा है। सीओ ने मुनीम की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित की हैं। गांव पुरसैनी स्थित शिवलिक लैमनेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक सनमाइका फैक्ट्री का मुनीम अनूप सिंह बुधवार को दीपक उर्फ कुलदीप के पिकप डाला पर सनमाइका लादकर फैजाबाद गया था। सप्लाई करने के बाद व्यापारी से 1.28 लाख का भुगतान लिया। इसके बाद लापता हो गया। मोबाइल बंद मिलने से चिंतित फैक्ट्री मालिक मनोज कुमार जायसवाल ने तलाश शुरू की। गाड़ी मालिक कुलदीप ने बताया कि उसने अनूप को फैजाबाद में एक बस में बैठा दिया था। संदेह होने पर मनोज ने पुलिस को सूचना दी। कोई नतीजा न निकलते देख कुलदीप व नितिन को बहाने से फैक्ट्री में बुलाकर पूछताछ की। दोनों ने तेलीबाग नहर पुल से अनूप के अपहरण की कहानी सुनाई। इस पर मनोज ने गोसाईगंज के गांव खुर्दही निवासी कुलदीप सैनी व गांव कटरा निवासी ड्राइवर नितिन सैनी पर 1.28 लाख के लालच में अनूप के अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। उच्चाधिकारियों से शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर कुलदीप व नितिन से पूछताछ शुरू की। पता चला कि कुलदीप व नितिन मौसेरे भाई हैं। बुधवार को फैजाबाद से लौटते समय उन्होंने गंगागंज स्थित सैनिक ढाबे पर गाड़ी रोकी। वहां उनके साथ अनूप ने भी चाय पी। इस दौरान कुलदीप ने दो लोगों को फोन कर बुलाया। उन्हें साथ लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुआ। रास्ते में जलस रिसोर्ट के पास सुनसान स्थान पर नितिन ने बहाने से गाड़ी रोकी। इस बीच दो बदमाश आए और तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी देते हुए सभी लोगों को गाड़ी समेत पहाड़नगर टिकरिया ले गए। कुलदीप का कहना है कि बदमाशों ने 1.28 लाख रुपए लूटने के साथ अनूप को अगवा कर लिया। थोड़ी देर बाद दो फायर किए। इस दौरान कुलदीप जान बचाकर भाग निकला। उसका कहना है कि दोनों बदमाश गाड़ी को उसके घर के बाहर खड़ी करके भाग निकले। डर के कारण पुलिस को जानकारी नहीं दी और अगले दिन गाड़ी गोंडा भेज दी।
विज्ञापन

नहर व झाड़ियां खंगालती रही पुलिस ः कुलदीप व नितिन से पूछताछ के बाद पुलिस टीम उनके बताए घटनास्थल पर पहुंची। थोड़ी दूर इंदिरा नहर व आसपास झाड़ियां देखकर पुलिसकर्मियों को अनहोनी का शक हुआ। इस पर झाड़ियों की गहन चेकिंग की गई और गोताखोरों की मदद से नहर खंगाली गई लेकिन अनूप का कुछ पता नहीं चला।
तलाश में जुटी चार टीमें ः सीओ मोहनलालगंज जनक प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि रहस्यमय हालात में लापता अनूप की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। इनमें एक टीम गोंडा, दूसरी फैजाबाद, तीसरी गोसाईगंज भेजी गई है, जबकि चौथी टीम मोहनलालगंज से लेकर लखनऊ तक तहकीकात कर रही है। इसके अलावा सर्विलांस सेल की मदद से तलाश की जा रही है। कुलदीप के दो दोस्तों व कुछ अन्य लोगों को संदेह के घेरे में लिया गया है। कुलदीप व नितिन के साथ चार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें