लखनऊ। ट्रांसगोमती क्षेत्र में ताबड़तोड़ वारदात कर रहे चोरों ने शनिवार रात गुडंबा क्षेत्र में एक ज्वैलरी शॉप का शटर तोड़कर लाखों का माल चुरा लिया। इससे पहले तकरोही में सराफा की तीन दुकानों को निशाना बनाया जा चुका है।
कड़ाके की ठंड व घने कोहरे के बीच चोरों ने गुडंबा के भेड़हा चौराहा स्थित हरिशंकर ज्वैलर्स नामक दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये कीमत के सोने व चांदी के गहने और नगदी चुरा ली। कंचननगर निवासी सराफा व्यवसायी संत प्रकाश श्रीवास्तव रविवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा मिला। गहने गायब थे और ज्वैलरी के कुछ खाली डिब्बे पड़े थे। ऐसा लग रहा था कि चोरों ने इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया है। संत प्रकाश की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वाएड बुलाकर तहकीकात शुरू की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। चोरी गए माल का हिसाब लगाया जा रहा है। दुकान में कुछ लोगों के पुराने गहने भी मरम्मत व सफाई के लिए रखे थे। उल्लेखनीय है कि एक हफ्ते पहले तकरोही बाजार में ज्वेलरी की तीन दुकानों के शटर तोड़कर चोरी हुई थी। इसके अलावा कड़ाके की ठंड में निकले चोरों ने ट्रांसगोमती क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कई दुकानों को निशाना बनाया। खास बात यह है कि चोरों ने दुकानों के शटर तोड़े और माल बटोरकर निकले। इलाके में पिकेट व गश्त ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को न तो शटर टूटने की आवाज सुनाई दी और न ही माल बटोर कर जाते चोर दिखाई दिए।