52 साल की अधेड़ आयु के डीएसपी ने 14 साल से कम उम्र की लड़की से शादी रचा ली। दूल्हा डीएसपी छत्तीसगढ़ सचिवालय में तैनात है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मामला उत्तरप्रदेश के चंदौली जनपद के गांव चहनिया का है।
ये बेमेल शादी गुपचुप तरीके से सोमवार को कीनाराम मठ, रामगढ़ में हुई। लड़की के पिता ने बताया कि गरीबी के चलते वह अपनी छोटी बेटी की शादी डीएसपी से करने को तैयार हुआ।
इस बीच, मठ प्रबंध समिति ने विवाह प्रमाणपत्र देने से इनकार कर दिया।
बलुआ थाना क्षेत्र के उतड़ी समूदपुर निवासी सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी रामकिशुन यादव का मझला पुत्र प्रद्युम्न नारायण सिंह यादव छत्तीसगढ़ सचिवालय, रायपुर में अभिरक्षा अधिकारी (डिप्टी एसपी) पद पर तैनात है।
वह सोमवार दोपहर हाईस्कूल की परीक्षा दे चुकी छात्रा से शादी रचाने के लिए कीनाराम मठ रामगढ़ पहुंचा।
विद्यालय के रिकॉर्ड के मुताबिक लड़की की जन्मतिथि 15 जुलाई 1999 है। वर-कन्या पक्ष की मौजदूगी में गुपचुप तरीके से शादी प्रारंभ हुई।
सिंदूरदान के बाद दावत की तैयारियां चल रही थीं कि किसी ने पुलिस और मीडिया कर्मियों को इस बेमेल शादी की सूचना दे दी।
पुलिस के मौके पर पहुंचते दूल्हा खिसकने की फिराक में था, लेकिन पुलिस नवविवाहित युगल के साथ दोनों पक्षों के मौजूद लोगों को बलुआ थाने ले गई।
पुलिस ने बताया कि प्रद्युम्न नारायण सिंह यादव को बाल विवाह अवरोध अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।
उधर, डीएसपी का कहना है कि पहली पत्नी का दो साल पहले निधन हो गया। उससे एक पुत्री है जिसकी शादी हो चुकी है। कहा कि लड़की के परिजनों ने उसकी उम्र 18 से अधिक बताई थी, इसलिए शादी के लिए तैयार हुआ।