मेट्रो पास के लिए नहीं लगानी होगी लाइन
- फोटो : AI
मुंबई में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अब टिकट या पास खरीदना पहले से ज्यादा आसान हो गया है। मुंबई मेट्रो वन ने यात्रियों के लिए एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है, जिसके तहत अब मेट्रो पास सीधे व्हाट्सऐप के जरिए खरीदा जा सकेगा। इतना ही नहीं खरीदा गया पास व्हाट्सऐप पर स्टोर करने के साथ यात्रा के दौरान इस्तेमाल भी किया जा सकेगा। मुंबई मेट्रो वन देश की पहली मेट्रो सेवा है, जिसने व्हाट्सऐप आधारित मेट्रो पास की सुविधा शुरू की है। तो आइए जानते हैं कि आप इस सुविधा का लाभ कैसे उठा सकते हैं।
वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर कॉरिडोर पर मिलेगी सुविधा
यह डिजिटल पास सिस्टम मुंबई मेट्रो वन के वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर कॉरिडोर पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए शुरू किया गया है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि पास लेने के लिए यात्रियों को अलग से टिकट काउंटर या किसी दूसरे प्लेटफॉर्म का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। पूरी प्रक्रिया व्हाट्सऐप पर ही पूरी की जा सकेगी। यानी मोबाइल में व्हाट्सएप है तो मेट्रो पास भी वहीं मिल जाएगा। इससे खासतौर पर उन यात्रियों का समय बचेगा, जिन्हें पास खरीदने के लिए काउंटर पर जाना पड़ता था।
गूगल वॉलेट और एप्पल वॉलेट में भी रख सकेंगे पास
मुंबई मेट्रो वन की इस डिजिटल सुविधा में यात्रियों को एक और सहूलियत दी गई है। व्हाट्सएप से खरीदे गए मेट्रो पास को गूगल वॉलेट और एप्पल वॉलेट में भी सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे सफर के समय पास को ढूंढना और एक्सेस करना आसान होगा। मुंबई मेट्रो वन के अनुसार यह पहल शहरी परिवहन व्यवस्था को ज्यादा सुविधाजनक और डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों का अनुभव बेहतर होने के साथ सार्वजनिक परिवहन में डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा।
व्हाट्सऐप से ऐसे खरीदें मेट्रो पास
मुंबई मेट्रो वन का डिजिटल पास खरीदने के लिए सबसे पहले आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर +91 9670008889 अपने फोन में सेव करें। इसके बाद व्हाट्सऐप खोलकर इस नंबर पर Hi भेजें। चैट में आने वाले विकल्पों में Book Now चुनें। इसके बाद Digital Pass पर जाएं। यहां आपको Trip Pass या Store Value Pass में से अपनी जरूरत के मुताबिक ऑप्शन चुनना होगा। इसके बाद यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान करें। पेमेंट पूरा होते ही आपका डिजिटल मेट्रो पास तुरंत व्हाट्सऐप पर उपलब्ध हो जाएगा।