फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Athletics Championship: विश्व चैंपियनशिप टीम की घोषणा शनिवार को, एएफआई ने किया एलान

Fri, 29 Aug 2025 10:21 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

सभी सदस्य देश शुक्रवार तक विश्व एथलेटिक्स को सूचित करेंगे कि उनके किसी भी एथलीट ने विभिन्न कारणों से बाहर होने का फैसला किया है। इसके बाद ही एथलीटों की पुष्टि होगी।
विज्ञापन
नीरज चोपड़ा - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) की सीनियर चयन समिति ने गुरुवार को बैठक की, लेकिन अगले महीने होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए टीम की घोषणा शनिवार तक टाल दी क्योंकि उसे उन खिलाड़ियों के बारे में स्पष्टता का इंतजार है जो कट हासिल कर सकते हैं। कुछ भारतीय खिलाड़ी जैसे भाला फेंक एथलीट रोहित यादव और 35 किमी पैदल चाल एथलीट संदीप कुमार क्वालिफाई करने वाले एथलीटों की श्रेणी में केवल एक स्थान नीचे हैं। और अगर उनसे ऊपर का कोई एथलीट चोट या अन्य कारणों से बाहर हो जाता है तो वे तोक्यो प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लेंगे।
विज्ञापन
Trending Videos

सभी सदस्य देश शुक्रवार तक विश्व एथलेटिक्स को सूचित करेंगे कि उनके किसी भी एथलीट ने विभिन्न कारणों से बाहर होने का फैसला किया है। इसके बाद ही एथलीटों की पुष्टि होगी और फिर विश्व एथलेटिक्स सदस्य देशों को इनके बारे में सूचित करेगा। एएफआई के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया, 'हम 30 अगस्त को टीम की घोषणा करेंगे। तब तक विश्व एथलेटिक्स से और पुष्टि मिलनी बाकी है।'

इस बीच स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की अगुआई में 19 भारतीयों ने 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए सीधे प्रवेश या विश्व रैंकिंग के माध्यम से क्वालिफाई कर लिया है जिसमें लंबी कूद के खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर अंतिम समय में जगह बनाने में सफल रहे, लेकिन एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता 3000 मीटर स्टीपलचेज एथलीट अविनाश साबले एसीएल सर्जरी के बाद बाहर हो गए हैं। वहीं हेप्टाथलीट नंदिनी अगासरा ने बताया है कि वह कोहनी की चोट से पूरी तरह ठीक नहीं होने के कारण प्रतिस्पर्धा नहीं कर रही हैं जबकि उन्होंने एशियाई चैंपियन होने के नाते इस प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया था।

इससे क्वालिफाई करने वाले भारतीय खिलाड़ियों की संख्या घटकर 17 रह जाएगी। श्रीशंकर क्वालिफाई करने के बावजूद घुटने की सर्जरी के कारण 2024 ओलंपिक में नहीं खेल पाए थे। वह टोक्यो में प्रतिस्पर्धा करने वाले लंबी कूद के 36 खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं और बुधवार को विश्व एथलेटिक्स (डब्ल्यूए) द्वारा रैंकिंग अपडेट किए जाने के बाद अंतिम स्थान पर हैं। विश्व एथलेटिक्स के ताजा अपडेट में पूजा (महिलाओं की 1500 मीटर दौड़), सर्वेश अनिल कुशारे (पुरुषों की ऊंची कूद) और अंकिता ध्यानी (महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज) ने भी कट हासिल किया। क्वालिफिकेशन की अंतिम तारीख 24 अगस्त थी।
विज्ञापन

क्वालिफाई करने वाले एथलीट (सीधे और विश्व रैंकिंग के जरिए) :

नीरज चोपड़ा, सचिन यादव और यशवीर सिंह (पुरुष भाला फेंक), अविनाश साबले (पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज), मुरली श्रीशंकर (पुरुष लंबी कूद), पारुल चौधरी और अंकिता ध्यानी (महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज), गुलवीर सिंह (पुरुष 5000 मीटर), प्रवीण चित्रावेल (पुरुष त्रिकूद), अनु रानी (महिला भाला फेंक), प्रियंका गोस्वामी (महिला 35 किमी पैदल चाल), अनिमेष कुजूर (पुरुष 200 मीटर), अब्दुल्ला अबूबाकर (पुरुष त्रिकूद), सर्विन सेबेस्टियन और अक्षदीप सिंह (दोनों पुरुष 20 किमी पैदल चाल), राम बाबू (पुरुष 35 किमी पैदल चाल), पूजा (महिला 1500 मीटर), सर्वेश अनिल कुशारे (पुरुष ऊंची कूद), नंदिनी अगासरा (महिला हेटाथलॉन)।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें