एलीना रिबाकीना विंबलडन खिताब के साथ
- फोटो : सोशल मीडिया
कजाखस्तान की ओर से खेलने वाली एलीना रिबाकीना के विंबलडन खिताब जीतने पर रूस ने जश्न मनाया है। मॉस्को में जन्मी रिबाकीना की जीत पर रूस ने कहा- हमने विंबलडन जीता। इससे विवाद खड़ा हो गया है। रूस टेनिस संघ के अध्यक्ष शेमिल तार्पीशेव ने कहा- बहुत अच्छा। हम विंबलडन जीत गए। कजाखस्तान और एशिया महाद्वीप के लिए पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वालीं 23 वर्षीय रिबाकीना ने फाइनल में ट्यूनीशिया की ओंस जेबुअर को 3-6 6-2 6-2 से हराया।
मैकनरो ने डचेज ऑफ कैंब्रिज के पुरस्कार देने पर उठाए सवाल
डचेज ऑफ कैंब्रिज केट ने रूस में जन्मीं रिबाकीना को विजेता ट्रॉफी अपने हाथ से दी। इस पर भी सवाल उठाए गए। दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रहे जॉन मैकनरो ने कहा- मेरा राजनीति से कोई मतलब नहीं लेकिन हर कोई सोचेगा डचेज ऑफ कैंब्रिज ने रूस में जन्मी रिबाकीना को अपने हाथ से ट्रॉफी दी। मैकनरो ने कहा, रिबाकीना रूसी है और उसके माता-पिता मॉस्को में रहते हैं।
उल्लेखनीय है कि यूक्रेन पर आक्रमण की वजह से रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों पर विंबलडन में खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। वहीं एटीपी और डब्ल्यूटीए ने रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की वजह से विंबलडन की जीत को रैंकिंग अंक में शामिल नहीं करेगा। खिलाड़ियों को प्रतिबंधित करने के पीछे उद्देश्य था कि रूस के राष्ट्रपति जीत पर रूस की जीत और ट्रॉफी उठाने वाली तस्वीरों को रोकना था। 17 जून 1999 को मॉस्को में जन्मी एलीना ने 2018 तक रूस का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद आर्थिक मदद के लिए कजाखस्तान से खेलने लगीं।
नहीं चुना जन्म कहां हुआ, मैं कजाखस्तान के लिए खेली : रिबाकीना
राजनीतिक विवाद में न पड़ते हुए रिबाकीना ने कहा, वह कजाखस्तान के लिए खेल रही हैं। 17वीं वरीय एलीना ने कहा, वह लंबे समय से ओलंपिक सहित बड़े-बड़े टूर्नामेंटों में कजाखस्तान का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उन्होंने कहा, वह नहीं जानतीं क्या चल रहा है। वह अपनी तरफ से कुछ नहीं कर रहीं। उन्होंने कहा, मैंने नहीं चुना, कहां पैदा हुई। लोग मुझमें विश्वास करते हैं। कजाखस्तान ने मेरा समर्थन किया। मैंने वहां का झंडा दिखाया। मैं नहीं जानती यह सवाल क्यों उठाया जा रहा है। एलीना ने कजाखस्तान के टेनिस संघ के धन्यवाद देते हुए कहा, वह देश के लिए ग्रैंड स्लैम जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनी हैं (महिला और पुरुषों में)। उन्होंने कहा, कजाखस्तान टेनिस संघ के अध्यक्ष बुलाट उतेमुरातोव ने मेरा समर्थन किया और मैच देखने के लिए आए।