फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कौन हैं प्रणवी उर्स?: पिता-भाई को देखकर गोल्फ में बढ़ी दिलचस्पी, किस तरह एशियन गेम्स में रचा इतिहास? जानें

Sat, 03 Oct 2026 11:49 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नागोया

सार

भारतीय महिला गोल्फर प्रणवी उर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता। वह महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय गोल्फर हैं। आइए जानते हैं कौन हैं प्रणवी उर्स और कैसा रहा है उनका करियर...
विज्ञापन
प्रणवी उर्स - फोटो : SAI Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला गोल्फर प्रणवी उर्स ने आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया। प्रणवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ प्रणवी एशियन गेम्स में गोल्फ का व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं। वह 2002 में शिव कपूर के बाद एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय गोल्फर भी हैं। 
विज्ञापन

एशियाड में जीते दो पदक 
मुकाबले के आखिरी क्षणों में रोमांच चरम पर था, लेकिन प्रणवी ने दबाव में संयम बनाए रखा। उन्होंने 18वें होल पर अहम पार पुट को सफलतापूर्वक होल में पहुंचाया और सिंगापुर की शैनन शुआन यिन टैन और चीन की रुओनिंग यिन से एक शॉट आगे रहते हुए स्वर्ण अपने नाम किया। भारत ने टीम स्पर्धा में भी पदक जीता। प्रणवी उर्स, अदिति अशोक और दीक्षा डागर की तिकड़ी ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए महिला टीम का रजत पदक अपने नाम किया। एशियन गेम्स के टीम गोल्फ इवेंट में यह भारत का पहला पदक है। यह भारत का इस एशियाड में 18वां स्वर्ण रहा।

प्रणवी उर्स - फोटो : X
पिछली बार नहीं लिया था हिस्सा
2023 में हांगझू एशियाई खेलों में प्रणवी ने हिस्सा नहीं लिया था। लेकिन इस बार प्रणवी ने शानदार प्रदर्शन किया और ऐतिहासिक स्वर्ण पदक भारत की झोली में डाला। 

कैसा रहा है प्रणवी का करियर
15 अप्रैल 2003 को कर्नाटक के मैसूर शहर में जन्मीं प्रणवी ने अपने पिता और भाई से प्रेरित होकर छह साल की उम्र में गोल्फ खेलना शुरू किया। प्रणवी ने जूनियर और एमेच्योर गोल्फ सर्किट में आगे बढ़ते हुए कई जीत हासिल की, जिनमें खास तौर पर थाईलैंड में 2018 सिंघा वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप और ऑल इंडिया जूनियर गर्ल्स चैंपियनशिप शामिल हैं। वह 2020 में पेशेवर गोल्फर बनीं।
विज्ञापन

अर्जुन पुरस्कार से किया गया था सम्मानित
प्रणवी ने इंटरनेशनल सर्किट में अपनी पहचान बनाई और लेडीज यूरोपियन टूर जैसे टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया। 2024 में अंडालूसिया कोस्टा डेल सोल ओपन डी एस्पाना में तीसरे स्थान पर रहकर उन्होंने न केवल भारत में, बल्कि दुनिया भर में उभरती हुई महिला गोल्फरों में से एक के तौर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। अब तक उनकी सबसे शानदार उपलब्धि 2025 आईजीपीएल इनविटेशनल मुंबई जीतना रही है, जिससे वह पुरुष गोल्फरों के खिलाफ प्रोफेशनल ओपन-फील्ड टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं थीं। प्रणवी को 2023 में भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था और उन्हें जनवरी 2022 में ओलंपिक की तैयारी के लिए खास मदद देने के मकसद से 'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' (टॉप्स) के कोर ग्रुप में भी शामिल किया गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें