वर्ल्ड चैंपियन विश्वनाथन आनंद यहां 75वें टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में रूस के सर्गेई कारजाकिन की चुनौती को पार नहीं कर सके, जिससे उन्हें ड्रा से संतोष करना पड़ा जबकि दुनिया के नंबर वन मैग्नस कार्लसन शीर्ष पर कायम हैं। दसवें राउंड के बाद आनंद अर्मेनिया के लेवोन अरोनियन और अमेरिका के हिकारू नाकामुरा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
अरोनियन ने चीन के वांग हाओ और नाकामुरा ने इटली के फैबियानो कारूआना पर जीत दर्ज की। कार्लसन ने नीदरलैंड के इरविन लामी को हराकर अपनी बढ़त आठ अंक कर ली है। आनंद, अरोनियन और नाकामुरा के 6.5 अंक हैं। हंगरी के पीटर लेको और कारजाकिन एक अंक पीछे संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं जबकि पी हरिकृष्णा चीन के यिफान हाउ से मिली शिकस्त के कारण पांच अंकों से संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं।