2021–22 में रियल मैड्रिड ने मैनचेस्टर सिटी को सेमीफाइनल में हरा दिया था। लगातार दूसरे साल रियल और सिटी के बीच सेमीफाइनल मैच होगा। इस बार पेप गॉर्डियोला की टीम पिछले सीजन में मिली हार का बदला लेना चाहेगी।
इंग्लैंड के क्लब मैनचेस्टर सिटी ने यूईएफए चैंपियंस लीग (UEFA Champions League) के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सिटी ने बुधवार (19 अप्रैल) रात छह बार की चैंपियन बायर्न म्यूनिख को बाहर कर दिया। दोनों टीमों के बीच बायर्न के होमग्राउंड एलियांज एरीना में क्वार्टर फाइनल का दूसरा लेग 1-1 की बराबरी पर छूटा। इससे पहले सिटी ने पिछले हफ्ते पहले लेग में 3-0 की जीत हासिल की थी। इस तरह दो मुकाबलों के स्कोर को जोड़कर सिटी 4-1 से क्वार्टर फाइनल को जीतने में सफल रहा।
विज्ञापन
सिटी की टीम लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंची है। वह कुल चौथी बार सेमीफाइनल में खेलेगी। 2015–16 में वह इसी राउंड में बाहर हुई थी। उसके बाद 2020–21 में चेल्सी के खिलाफ फाइनल में हार मिली। वहीं, 2021–22 में रियल मैड्रिड ने उसे सेमीफाइनल में हरा दिया था। लगातार दूसरे साल रियल और सिटी के बीच सेमीफाइनल मैच होगा। इस बार पेप गॉर्डियोला की टीम पिछले सीजन में मिली हार का बदला लेना चाहेगी।
बायर्न ने दी टक्कर
मैनचेस्टर सिटी की टीम जब पहले लेग में 3-0 की जीत के बाद बायर्न के होमग्राउंड पर दूसरे लेग में उतरी तो शुरुआती मिनटों में उसने कई गलतियां की। बायर्न के फैंस स्टेडियम में काफी शोर कर रहे थे। वह अपनी टीम का हौसला बढ़ा रहे थे। बायर्न ने पहले हाफ में कई मौके बनाए, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया।
हालैंड ने पेनल्टी गंवाई
35वें मिनट में डिफेंडर ओपमेकानो की गलती के कारण मैनचेस्टर सिटी को पेनल्टी मिल गई। उसके बाद मैच में बड़ी बढ़त बनाने का सुनहरा मौका था। सिटी के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड पेनल्टी लेने आए। इस दौरान बायर्न के खिलाड़ी और फैंस ने उनके ऊपर काफी दबाव बनाया। यह बायर्न के काम भी आया। हालैंड दबाव को नहीं झेल पाए और गेंद को गोलपोस्ट में नहीं डाल सके। उनका शॉट गोलपोस्ट के काफी ऊपर से निकल गया।
गोल करने के बाद एर्लिंग हालैंड
- फोटो : सोशल मीडिया
हालैंड ने दिलाई बढ़त
पहले हाफ में पेनल्टी चूकने के बाद एर्लिंग हालैंड ने दूसरे हाफ में जबरदस्त वापसी की। उन्होंने 57वें मिनट में गोल कर मैनचेस्टर सिटी को मैच में 1-0 की और कुल स्कोर में 4-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद बायर्न को 81वें मिनट में सिटी के अकांजी की गलती के कारण पेनल्टी मिली। उसके कप्तान जोशुआ किमिच ने गोल कर मैच को 1-1 की बराबरी पर ला दिया, लेकिन यह काफी नहीं था। बायर्न को कुल स्कोर में बराबरी करने के लिए तीन गोल और करने थे। यह उसके लिए असंभव साबित हुआ। बायर्न की टीम लगातार तीसरे सीजन में क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गई।
इंटर मिलान ने बेनफिका को किया बाहर
इंटर मिलान की टीम दूसरे लेग में 2-0 की बढ़त के साथ उतरी। बेनफिका ने उसके होमग्राउंड पर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वह चमत्कार नहीं कर सकी। दोनों टीमों के बीच दूसरे लेग का मुकाबला 3-3 गोल की बराबरी पर छूटा। इंटर के लिए निकोलो बरेला ने 14वें, लोटारो मार्टिनेज ने 65वें और जोआकिन कोरेया ने 78वें मिनट में गोल किया। वहीं, बेनफिका के लिए फ्रेडिक ऑर्सनेस ने 38वें, एंटोनियो सिल्वा ने 86वें और पीटर मूसा ने इंजरी टाइम (90+5वें मिनट) में गोल किया। मैच 3-3 की बराबरी पर रहने के बाद इंटर मिलान ने 5-3 के कुल स्कोर के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई।
गोल करने के बाद इंटर मिलान के खिलाड़ी
- फोटो : सोशल मीडिया
इंटर और एसी मिलान में होगा मुकाबला
सेमीफाइनल में इटली के क्लब इंटर मिलान का मुकाबला अपने ही देश के क्लब एसी मिलान से होगा। दोनों ही टीमों का होमग्राउंड एक ही स्टेडियम है। मिलान के सैन सिरो स्टेडियम में इंटर और एसी मिलान की टीमें अपने-अपने घरेलू मैच खेलती हैं। अगले साल इस स्टेडियम को गिराया जाएगा। उससे पहले फैंस को एक बड़ा मुकाबला देखने को मिला। चिर-प्रतिद्वंद्वी इंटर और एसी मिलान की टीमें सेमीफाइनल में जब एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी तो सैन सिरो स्टेडियम का महौल अलग ही होगा।
इंटर मिलान की टीम 2009–10 के बाद इस राउंड में खेलेगी। वहीं, एसी मिलान ने 2006–07 के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाई है। एसी मिलान सात और इंटर तीन बार चैंपियंस लीग जीत चुकी है।