साल के चौथे और आखिरी ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट यूएस ओपन के महिला वर्ग में दिग्गज खिलाड़ियों के बाहर होने का सिलसिला टूर्नामेंट के छठे दिन भी जारी रहा।
टूर्नामेंट से बाहर होने वाले खिलाड़ियों की सूची में विंबलडन चैंपियन पेत्रा क्वितोवा और फ्रेंच ओपन चैंपियन मारिया शारापोवा का भी नाम शामिल हो गया है।
क्वितोवा टूर्नामेंट के टॉप-10 महिलाओं खिलाड़ियों में से बाहर होने वाली पांचवीं खिलाड़ी हैं जबकि पांचवीं वरीयता प्राप्त शारापोवा को भी हार का मुंह देखना पड़ा। हालांकि पुरुष वर्ग में सभी टॉप सीडेड खिलाड़ियों ने आसानी से चौथे राउंड में प्रवेश कर लिया।
5 बार की ग्रैंड स्लैम विजेता रूसी सुंदरी मारिया शारापोवा को चौथे दौर में डेनमार्क की कैरोलीन वोजानियस्की ने 3 सेट तक खींचे मुकाबले में 4-6, 6-2, 2-6 से हराया। पहला सेट गंवाने के बाद शारापोवा ने दूसरा सेट जीतकर मुकाबले में वापसी की थी लेकिन तीसरे सेट में वह अपने लय में नहीं दिखीं और 2-6 से हारकर मुकाबला गंवा दिया।
इससे पहले विंबलडन चैंपियन और तीसरी सीड क्वितोवा को क्वालीफायर के जरिये मुख्य राउंड में जगह बनाने वाली सर्बिया की 21 वर्षीय एलेक्जांद्रा क्रूनिक ने सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराकर उलटफेर का शिकार बनाया।
सेरेना का अभियान जारी
क्वितोवा से पहले टूर्नामेंट में इस बार दूसरी सीड सिमोना हालेप, चौथी सीड अगनिएस्का रद्वांस्का, छठी सीड एंजेलिक केर्बर और आठवीं सीड अना इवानोविच भी उलटफेर का शिकार हो चुकी हैं।
हालांकि टॉप सीड अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और हमवतन वी लेपचेंको को आसानी से 6-3, 6-3 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
महिला वर्ग के अन्य मुकाबलों में सातवीं सीड ई बुचार्ड, 16वीं सीड विक्टोरिया अजारेंका और 11वीं सीड फ्लेविया पेनेटा भी चौथे राउंड में प्रवेश करने में सफल रहीं।
पुरुष वर्ग में कोई उलटफेर नहीं
दूसरी ओर, पुरुष वर्ग में सभी सीडेड खिलाड़ियों ने आसानी से प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। खिताब के प्रबल दावेदार और टॉप सीड सर्बियाई खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने सीधे सेटों में अमेरिका के सैम क्वेरी को 6-3, 6-2, 6-2 से हराकर चौथे राउंड में आसानी से प्रवेश कर लिया।
हालांकि आठवीं सीड ब्रिटेन के एंडी मरे को रूस के अलेक्जांद्र कुज्नेत्सोव को हारने में 4 सेटों तक जूझना पड़ा तब जाकर उन्हें 6-1, 7-5, 4-6, 6-2 से जीत मिली। इस बीच तीसरी सीड स्विट्जरलैंड के स्टानिस्लास वावरिंका को वाकओवर मिल गया जिसके बाद उन्होंने भी प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
अन्य मुकाबलों में पांचवीं सीड मिचेल राओनिक, नौवीं सीड फ्रांस के जो विल्फ्रेड सोंगा और 10वीं सीड जापान के केई निशिकोरी भी अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों पर सीधे सेटों में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे।