पाब्लो कारेनो बुस्ता को 3-6, 2-6, 6-3, 6-4, 6-3 से हराते हुए जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव अपने करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे हैं, इससे पहले 2017 में वह अपने करियर की सर्वोच्च रैंकिंग तीसरे नंबर पर पहुंचे थे। ज्वेरेव की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वह पहले दो सेट में बुस्ता से 3-6,2-6 से पिछड़ गए, लेकिन तीसरे सेट में 6-3 से दमदार वापसी की।
दो सेट से पिछड़ने के बाद सेमीफाइनल जीतने वाले छठे खिलाड़ी ज्वेरेव
नौ साल पहले रोजर फेडरर के हाथों दो सेट गंवाने के बाद नोवाक जोकोविच ने इसी तरह वापसी की थी, उसके बाद से यह कमाल करने वाले ज्वेरेव पहले खिलाड़ी हैं। वह पिछले दस साल में ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं। जोकोविच 2010 में अमेरिकी ओपन फाइनल में पहुंचे, तब वह 23 वर्ष के थे।
- 1975 - मैनुएल ओरेंट्स
- 1979 - विटास गेरुलेटिस
- 1980 - ब्योर्न बोर्ग
- 2003- एंडी रॉडिक
- 2011 - नोवाक जोकोविच
- 2020 - एलेक्जेंडर ज्वेरेव
26 साल बाद यूएस ओपन फाइनल खेलने वाले जर्मन
1994 के बाद यह पहला मौका होगा जब कोई जर्मन खिलाड़ी प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन का खिताबी मुकाबला खेलेगा, इससे पहले माइकल स्टिच ने यह कमाल किया था। तब उन्हें अमेेरिका के आंद्रे अगासी ने 6–1, 7–6, 7–5 से हराकर खिताब जीता था, यह पहला मौका था, जब कोई गैर वरीय खिलाड़ी ओपन एरा का चैंपियन बना था।
दूसरे सेमीफाइनल में रूस के डेनियल मेदवेदव को हराने वाले डॉमिनिक थीम का यह साल 2020 का दूसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल होगा। थीम दो साल पहले फ्रेंच ओपन फाइनल में राफेल नडाल से हारे थे जबकि इस साल ऑस्ट्रेलियाई ओपन फाइनल में उन्हें नोवाक जोकोविच ने मात दी थी। ऑर्थर एश स्टेडियम पर 27 वर्षीय इस ऑस्ट्रियाई खिलाड़ी ने तीसरी वरीयता प्राप्त मेदवेदव को 6-2, 7-6(7), 7-6(5) से हराया।
पिछली बार राफेल नडाल से खिताबी मुकाबला हारने वाले 24 वर्षीय रूसी मेदवेदव हमवतन और दोस्त आंद्रेई रूबलेव को 7-6, 6-3, 7-6 से हराकर लगातार दूसरी बार समीफाइनल पहुंचे थे तो थीम ने
ऑस्ट्रेलिया के अलेक्स डि मिनौर को 6-1, 6-2, 6-4 से पराजित किया था।
दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच की यूएस ओपन से विवादास्पद विदाई हुई थी। टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में महिला लाइन जज मारने के बाद अनुशासनहीनता के आरोप में बाहर किए गए जोकोविच के जाने से ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में 'बिग थ्री' की बादशाहत का भी अंत हो गया। 2016 के बाद रोजर फेडरर, राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच के अलावा कोई अन्य खिलाड़ी कभी ग्रैंडस्लैम जीत ही नहीं पाया। यानी पिछले 13 ग्रैंड स्लैम खिताब इस त्रिमूर्ति के ही नाम रहे। स्टेन वावरिंका आखिरी खिलाड़ी थे, जिन्होंने साल 2016 में यूएस ओपन जीता था। इतना ही नहीं 2003 विंबलडन के बाद हुए 67 बड़े टूर्नाेमेंट में 56 'बिग त्री' के ही नाम रहे।
रूस की वेरा ज्वोनारेवा और लौरा सीजेमंड की जोड़ी ने महिला युगल खिताब जीता। दोनों ने तीसरी वरीयता प्राप्त शू यिफान और निकोल मेलिचार को 6-4, 6-4 से हराया। दोनों को जीत के तौर पर चार लाख डॉलर मिले। दोनों ने टूर्नामेंट से ठीक पहले ही साथ खेलने का फैसला लिया था और उन्हें कोई वरीयता भी नहीं मिली थी। 36 वर्ष की ज्वोनारेवा इससे पहले 2006 में नताली डेची के साथ भी अमेरिकी ओपन महिला युगल खिताब जीत चुकी है जबकि 2010 में वह एकल में उपविजेता रही थी।