महिलाओं में नंबर एक पोलैंड की इगा स्वियातेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। स्वियातेक ने 17 वर्षीय मीरा एंड्रीवा पर 6-4, 3-6, 7-5 से जीत के साथ अपना विजय अभियान 15 मैच तक पहुंचाया। उनका अगला मुकाबला अरिना सबालेंका से होगा, जिन्होंने लुडमिला सैमसोनोवा को 6-3, 6-2 से हराया।
महिला वर्ग के अन्य मैचों में जेसिका पेगुला ने लैला फर्नांडीज को 6-2, 6-7, 7-6 से हराया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला पाउला बडोसा से होगा। बडोसा ने अनास्तासिया पावलुचेनकोवा को 6-3, 6-2 से हराया।
सिनर ने रुबलेव को दी मात
पुरुष एकल वर्ग में सिनर ने आंद्रे रुबलेव को 4-6, 7-5, 6-4 से हराकर पिछले सप्ताह मोंट्रियल के क्वार्टर फाइनल में मिली हार का बदला चुकता किया। वह ओपन युग में इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। सिनर का अगला मुकाबला अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा। पूर्व चैंपियन ज्वेरेव ने बेन शेल्टन को 3-6, 7-6, 7-5 से हराया। ज्वेरेव ने सिनर के खिलाफ लगातार चार जीत हासिल की है। फ्रांसिस टियाफो ने ह्यूबर्ट हर्काज के पिंडली की चोट के कारण दूसरे सेट से हट जाने के बाद लगातार दूसरे वर्ष सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई।