तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्विट्जरलैंड के स्टैन वावरिंका को रोटेरडम ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले ही दौर में सनसनीखेज हार का सामना करना पड़ा है। वावरिंका पहला सेट जीतने के बावजूद आगे लय कायम नहीं रख सके और पुरुष एकल के पहले ही दौर में हॉलैंड के टैलोन ग्रीक्सपूर ने 4-6, 6-3, 6-2 से हरा दिया।
टूर्नामेंट के पांचवीं सीड वावरिंका को पिछले सप्ताह सोफिया ओपन के सेमीफाइनल में बोस्निया के मिर्जा बेसिक के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। 32 साल के वावरिंका यहां 2015 में विजेता रहे थे।
हाल में उन्होंने घुटने का ऑपरेशन कराया था जिसके बाद से वह फॉर्म के लिए जूझ रहे हैं। ऑपरेशन के बाद वावरिंका ने जनवरी में कोर्ट पर वापसी की थी। 21 साल के ग्रीक्सपूर के करियर की यह बड़ी जीत में से एक है। वह तीसरी बार एटीपी स्तर के मैच खेल रहे थे।
हार के बाद वावरिंका ने कहा कि उन्हें अभी कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। बकौल वावरिंका, ‘ग्रीक्सपूर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। वह जीत के हकदार थे। मुझे धैर्य रखने की जरूरत है। मुझे पता है कि फॉर्म में लौटने के लिए थोड़ा समय लगेगा।’