भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल यूएस ओपन के दूसरे दौर में हारकर बाहर हो गए। उनका सामना दूसरी वरीयता प्राप्त बर्थडे ब्वॉय ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थीम से था। थीम ने नागल को सीधे सेटों 6-3, 6-3, 6-2 से मात दी। सात साल बाद यह पहला मौका था, जब किसी भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी यूएस ओपन के दूसरे दौर तक पहुंचा था, सुमित से पहले 2013 में सोमदेव देववर्मन यह उपलब्धि हासिल कर चुके थे। हरियाणा के रहने वाले सुमित नागल भले ही दूसरे राउंड में हार गए, लेकिन फिर भी उन्हें करीब 73 लाख रुपये मिले।
अपने 24वें ग्रैंडस्लैम खिताब की कवायद में लगी सेरेना विलियम्स ने सीधे सेटों में जीत दर्ज करके तीसरे दौर में जगह बनाई। 23 ग्रैंडस्लैम में से छह टूर्नामेंट फ्लाशिंग मीडोज में जीतने वाली सेरेना ने गुरुवार की रात को आर्थर ऐस स्टेडियम विश्व में 117वें नंबर की रूसी खिलाड़ी मारग्रिटा गैस्पारयान को 6-2, 6-4 से हराया।
पुरुष वर्ग में अनुभवी एंडी मरे और ग्रिगोर दिमित्रोव पुरुष एकल से बाहर हो गए जबकि तीसरे वरीय और पिछले साल के उपविजेता डेनिल मेदवेदेव ने 116वीं रैंकिंग के ऑस्ट्रेलियाई क्रिस्टाफेर ओकोनेल को 6-3, 6-2, 6-4 से पराजित किया।
महिला वर्ग में भी उलटफेर देखने को मिले। नौवीं वरीयता प्राप्त योहाना कोंटा को सोरेना क्रिस्टीया ने 2-6, 7-6 (5), 6-4 से जबकि दसवें नंबर की गर्बाइन मुगुरुजा को स्वेताना पिरोनकोवा ने 7-5, 6-3 से हराया। बेटे के जन्म के बाद पिरोनकोवा का पिछले तीन साल में यह पहला टूर्नामेंट है। बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका ने हमवतन और पांचवीं वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका 6-1, 6-3 से हराया। महिला वर्ग में ही ऑस्ट्रेलियाई ओपन विजेता और दूसरी वरीयता प्राप्त सोफिया केनिन, सातवीं वरीय मेडिसन कीज, 15वीं वरीय मारिया सकारी, 18वीं वरीय डोना वेकिच और 22वीं वरीय अमांडा अनिसिमोवा भी अगले दौर में पहुंच गई हैं। इस तरह से कनाडा के तीन खिलाड़ी पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के तीसरे दौर में पहुंचे हैं। डेनिस शापोवालोव ओर वासेक पोसपिसिल अन्य दो खिलाड़ी हैं। पोसपिसिल ने हमवतन राओनिच को 6-7 (1), 6-3, 7-6 (4), 6-3 से हराया। दिमित्रोव को हंगरी के मार्टन फुस्कोविक्स ने 6-7 (5), 7-6 (4), 3-6, 6-4, 6-1 से शिकस्त दी।