विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के सातवें दिन भी दिग्गज खिलाड़ियों के बाहर होने का सिलसिला जारी रहा।
इस बार बारी थी महिला वर्ग की नंबर वन खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स की, जिन्हें जर्मनी की सेबिनी लिसिकी ने चौथे दौर में 6-1, 1-6, 6-4 से हराकर टूर्नामेंट में इस बार का सबसे बड़ा उलटफेर किया।
खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही और 16 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना का इस हार के साथ ही पिछले 34 मैचों से चला आ रहा अपराजेय क्रम भी टूट गया।
पांच बार की चैंपियन सेरेना निर्णायक सेट में 4-2 से आगे थीं लेकिन वह इसके बाद अपनी लय खो बैठीं और दो घंटे चार मिनट में हथियार डाल दिए।
महिला वर्ग के अन्य मुकाबलों में काइया केनेपी ने लॉरा रॉबसन को 7-6, 7-5 से, पेत्रा क्वितोवा ने सी सुआरेज नावारो को 7-6, 6-3 से तथा ली ना ने रोबर्टा विंसी को 6-2, 6-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
पुरुष वर्ग के चौथे राउंड में स्पेन के डेविड फेरर ने क्रोएशिया के इवान डोडिग को 6-7, 7-6, 6-1, 6-1 से तथा जे जानोविच ने जूलियन मेल्जर को 3-6, 7-6, 6-4, 4-6, 6-4 से हराकर अपने अभियान को आगे बढ़ाया।